टिहरी गढवाल। अलकनन्दा नदी जीवीके डैम झील में अज्ञात शव मिलने से सनसनी फैल गयी। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।
आज उमेश नौडियाल, लाइसनिंग अधिकारी द्वारा थानाा पर सूचना दी कि अलकनन्दा नदी जीवीके डैम झील में एक अज्ञात शव तैरता दिखाई दे रहा हैं। सूचना प्राप्त होने पर उपनिरीक्षक बीरेन्द्र सिंह बिष्ट चौकी चौरास से मय फोर्स के मौके पर पहुंचे तथा उपरोक्त शव को निकालने हेतु एसडीआरएफ टीम व जल पुलिस टीम श्रीनगर की मदद से शव को झील से बाहर निकाला गया। शव की पहचान हेतु भरसक प्रयास किये गये किन्तु शव की पहचान नहीं हो पायी शव शिनाख्त हेतु नियमानुसार बेस अस्पताल श्रीकोट मोर्चरी में 72 घण्टे हेतु रखा गया है। शव करीब 15—20 दिन पुराना, उम्र 25 से 30 वर्ष, चेहरा गोल, चेहरा व सर पर कोई बाल नहीं है, रंग गोरा, लम्बाई लगभग 5 फुट 7 इंच, सिर के पीछे की तरफ चोट का निशान है जिस पर टाके लगे हुये है, दाहिने उंगलियों की खाल निकली हुयी है तथा दोनों पैरो की खाल निकली हुयी है। कारगो कलर की पैन्ट, आर्मी कलर की सलवार, मैरून कलर का अण्डरवियर, लाल रंग की हॉफ टी—शर्ट जिसमे नेपाल झण्डे का निशान है तथा ग्रीन कलर है, सफेद रंग की अण्डर बनियान, दाहिने हाथ पर सफेद धातु का कडा जिस पर महाकाल लिखा है व लाल रंग का बैंड जिस पर जय केदार लिखा हुआ है, दाहिने हाथ पर कलावा पहना हुआ है तथा शव की पेन्ट की दाहिनी जेब में लिप गार्ड व गोल्डन खैनी का पाउच प्राप्त हुआ।




