नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली विपक्ष की रैली को समर्थन दिया है। सीजेपी नेता आशुतोष रांका के मुताबिक, पार्टी के कार्यकर्ता इस रैली में शामिल हो सकते हैं। इसके साथ ही सीजेपी ने इण्डिया ब्लॉक के साथ संभावित गठबंधन को लेकर भी संकेत दिए हैं और इस मुद्दे पर कार्यकर्ताओं से फीडबैक मांगा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो जारी कर छात्र संगठनों से 1 नवंबर के ‘दिल्ली चलो मार्च’ में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन में शामिल होने वाले लोग पुलिस की लाठीचार्ज की आशंका से न घबराएं। राहुल गांधी ने कहा कि यह मार्च किसी एक राजनीतिक पार्टी का कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारतीय संविधान, लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए है। उन्होंने वोट चोरी रोकने और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए लोगों से इसमें शामिल होने का आह्वान किया।
विपक्षी इण्डिया ब्लॉक ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दिल्ली में ‘पब्लिक महाभियोग’ कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की है। कार्यक्रम में राहुल गांधी समेत विपक्षी दलों के नेताओं के शामिल होने की बात कही गई है। आयोजकों के मुताबिक, निर्धारित स्थान पर अनुमति नहीं मिलने के बाद कार्यक्रम को दोपहर 3:30 बजे, 10 राजाजी मार्ग पर आयोजित करने की योजना बनाई गई। यह कार्यक्रम 1 नवंबर की रामलीला मैदान रैली से पहले होना है। विपक्ष एसआईआर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के मुद्दे पर चुनाव आयोग से जवाबदेही की मांग कर रहा है। इण्डिया ब्लॉक और सीजेपी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया को लेकर विरोध जता रहे हैं। विपक्षी दल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी कर रहे हैं।





