Home News Posts उत्तराखंड आमने-सामने बजरंग दल और पुलिस

आमने-सामने बजरंग दल और पुलिस

0
58
  • कार्यकर्ता सिद्धांत बड़ोनी की गिरफ्तारी से भड़का विवाद
  • प्रताड़ना और फर्जी फंसाने के आरोप, पुलिस मुश्किल में
  • सीबीआई जांच की मांग, आंदोलन करने की दी चेतावनी

देहरादून। राजधानी देहरादून में 14 लाख रुपये की लूट का मामला अब केवल आपराधिक जांच तक सीमित नहीं रह गया है। इस मामले में बजरंग दल के कार्यकर्ता सिद्धांत बड़ोनी की गिरफ्तारी के बाद संगठन और पुलिस आमने-सामने आ गए हैं। एक तरफ पुलिस लूट की वारदात में सात आरोपियों की गिरफ्तारी और नकदी की बरामदगी को अपनी कार्रवाई की सफलता बता रही है, वहीं दूसरी तरफ बजरंग दल ने पुलिस की जांच और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। संगठन ने अपने कार्यकर्ता को झूठे मामले में फंसाने, हिरासत में अमानवीय व्यवहार करने और प्रताड़ित करने के आरोप लगाते हुए पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच की मांग की है। इतना ही नहीं, मांग पूरी नहीं होने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी भी दी गई है।
इस पूरे घटनाक्रम ने दून पुलिस के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है। अब सवाल केवल 14 लाख रुपये की लूट का नहीं, बल्कि पुलिस की जांच की निष्पक्षता और हिरासत में आरोपी के साथ किए गए कथित व्यवहार का भी है। दूसरी ओर, संगठन के आरोपों की भी निष्पक्ष जांच जरूरी है, ताकि सच्चाई सामने आ सके। मामला पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र के इंद्रेश अस्पताल के पास का है। पुलिस के अनुसार, सात नवंबर को राजेश कुमार सोनी अपने साथियों दिनेश तिवारी, ओमकार और गुरविंदर के साथ प्लॉट के सौदे के सिलसिले में 14 लाख रुपये लेकर जा रहे थे। इसी दौरान कुछ युवकों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि मारपीट कर रुपयों से भरा बैग लूट लिया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने नौ नवंबर को तीन आरोपियों सरवजीत सिंह उर्फ हैप्पी, जसमीत सिंह और शक्ति सिंह को गिरफ्तार किया। इसके बाद कर्ण यादव और सोहेल अख्तर उर्फ साहिल को भी गिरफ्तार किया गया। 11 नवंबर को पुलिस ने फरार चल रहे सिद्धांत बड़ोनी और दीपक सिंह शेखावत को रुद्रप्रयाग के गुप्तकाशी से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, अब तक सात आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं और कुल 3.02 लाख रुपये बरामद हुए हैं। सिद्धांत बड़ोनी की गिरफ्तारी के बाद मामला नया मोड़ लेने लगा। सिद्धांत बजरंग दल से जुड़ा हुआ है। संगठन ने उसकी गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। संगठन से जुड़े पदाधिकारियों का दावा है कि सिद्धांत का लूट की वारदात से कोई सीधा संबंध नहीं है। वह कथित सड़क दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचा था और घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने में मदद कर रहा था।
बजरंग दल ने पुलिस की ओर से बताए गए घटनाक्रम और सीसीटीवी फुटेज के बीच अंतर होने का भी दावा किया है। संगठन के अनुसार, पुलिस स्कूटी सवार की ओर से कार को टक्कर मारने की बात कह रही है, जबकि फुटेज में कार से स्कूटी को टक्कर लगती दिखाई देने का दावा किया गया है। संगठन ने घटनास्थल के सभी सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने और उनकी स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है। 13 नवंबर को रेसकोर्स स्थित विश्व हिंदू परिषद कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में बजरंग दल के क्षेत्र संयोजक अनुज वालिया, अधिवक्ता एवं संगठन के कानूनी सलाहकार जे. कुमार रवि, प्रांत संयोजक पूरन जोशी और अन्य पदाधिकारियों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए।
संगठन का आरोप है कि सिद्धांत बड़ोनी को हिरासत में लेकर प्रताड़ित किया गया। उसे जंगल में ले जाकर मुठभेड़ की धमकी देने, थाने में निर्वस्त्र कर पीटने, उस पर पेशाब करने और संगठन तथा पहाड़ विरोधी नारे लगवाने का दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए। पदाधिकारियों का कहना है कि सिद्धांत ने अदालत में पेशी के दौरान भी अपने साथ हुए कथित अमानवीय व्यवहार की जानकारी दी है। बजरंग दल ने साफ किया कि संगठन किसी आरोपी को कानून से ऊपर नहीं मानता। यदि सिद्धांत दोषी है तो उसे कानून के अनुसार सजा मिलनी चाहिए, लेकिन जांच के नाम पर किसी के साथ अमानवीय व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता।
बजरंग दल ने पटेलनगर कोतवाली के इंस्पेक्टर नरेश राठौर की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं। संगठन से जुड़े एक नेता ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर इंस्पेक्टर पर भ्रष्टाचार, संपत्तियों और आर्थिक लेनदेन की जांच कराने की मांग की। पुलिस अधिकारी पर युवाओं को झूठे मामलों में फंसाने और फर्जी मुठभेड़ जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। संगठन ने शिकायतकर्ता और कथित आरोपियों के बीच पूर्व कारोबारी संबंध होने का दावा करते हुए संबंधित बैंक खातों, संपत्तियों और प्लाट के सौदे से जुड़े दस्तावेजों की जांच की मांग की है। संगठन का सवाल है कि यदि 14 लाख रुपये प्लॉट के सौदे के लिए ले जाए जा रहे थे तो उससे संबंधित अनुबंध, बयाना और भुगतान के दस्तावेज भी जांच के दायरे में आने चाहिए।
बजरंग दल ने पूरे मामले की सीबीआई अथवा किसी स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने की मांग की है। संगठन का कहना है कि सभी सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल होनी चाहिए और यदि किसी पुलिसकर्मी की भूमिका संदिग्ध पाई जाती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। संगठन ने चेतावनी दी है कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर न्याय के लिए उच्च न्यायालय और उच्चतम न्यायालय तक लड़ाई लड़ने की बात भी कही गई है। इस बीच गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेशी के लिए ले जाते समय पुलिस वाहन खराब होने और पुलिसकर्मियों द्वारा उन्हें पैदल न्यायालय ले जाने का वीडियो भी चर्चा में रहा। इस घटनाक्रम ने मामले को और सुर्खियों में ला दिया।
इस पूरे प्रकरण में फिलहाल पुलिस की ओर से बजरंग दल के आरोपों और सीबीआई जांच की मांग पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में पुलिस के सामने अब दोहरी चुनौती है। एक ओर उसे लूट की वारदात में शामिल सभी आरोपियों की भूमिका, रकम की बरामदगी और घटना की पूरी कड़ियों का खुलासा करना है, वहीं दूसरी ओर हिरासत में प्रताड़ना के आरोपों पर भी जवाब देना होगा। 14 लाख रुपये की लूट का मामला अब संगठन बनाम पुलिस की लड़ाई में बदलता दिखाई दे रहा है। लेकिन इस टकराव के बीच मूल सवाल कहीं पीछे नहीं छूटना चाहिए। आखिर सात नवंबर को इंद्रेश अस्पताल के पास हुआ क्या था? लूट की पूरी रकम कहां गई? सीसीटीवी फुटेज में क्या दर्ज है? और सिद्धांत बड़ोनी की वास्तविक भूमिका क्या है? इन सवालों का जवाब न संगठन के आरोपों से मिलेगा और न पुलिस के दावों से। जवाब निष्पक्ष जांच, ठोस साक्ष्यों और पारदर्शी कार्रवाई से ही सामने आएगा। कानून की विश्वसनीयता इसी में है कि न किसी आरोपी को संगठन की ताकत के दम पर बचाया जाए और न पुलिस की वर्दी के दम पर किसी के अधिकारों का उल्लंघन हो।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here