देहरादून। पुलिस ने चोरी की दो स्कूटियों के साथ एक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसको न्यायालय में पेश किया जहां से उसको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 30 दिसम्बर 2025 को शीतल शर्मा पुत्री निवास शर्मा निवासी अनुपम विहार इन्जीनियर्स एनक्लेव पटेलनगर देहरादून द्वारा कोतवाली पटेलनगर पर एक प्रार्थना पत्र उनकी स्कूटी को चोरी करने के संबंध में दिया गया, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। वहीं 09 जनवरी 2026 को आरिश सिद्दक्की पुत्र जावेश सिद्दकी निवासी नहटौर बिजनौर उप्र द्वारा अपनी स्कूटी को चोरी करने के संबंध में दिए गए प्रार्थना पत्र पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। लगातार हुई वाहन चोरी की घटनाओ के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह द्वारा घटनाओ के खुलासा तथा आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु प्रभारी निरीक्षक पटेलनगर को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए, जिस पर कोतवाली पटेलनगर पर पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए मिली सूचना पर घटना में शामिल कन्हैया पुत्र अमर सिंह निवासी ब्रह्मपुरी कोतवाली पटेलनगर देहरादून को फल मंडी निरंजनपुर से गिरफ्तार किया गया, जिसकी निशानदेही पर पुलिस टीम द्वारा उक्त घटनाओ में चोरी की गयी दोनो स्कूटियो को बरामद किया गया। पूछताछ में उसके द्वारा बताया गया कि वह नशे का आदी है तथा अपनी नशे की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए उसके द्वारा उक्त वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया गया था। चोरी की उक्त स्कूटियो को बाहरी राज्यों में ले जाकर बेचने की फिराक में था, पर उससे पूर्व भी पुलिस द्वारा उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसको न्यायालय में पेश किया जहां से उसको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।




