- विकसित राज्य, विकल्प रहित संकल्प
- भगवा वेश में बहुरूपिये नहीं बर्दाश्त
देहरादून। राज्य में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बारे में एक साक्षात्कार में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वह ईश्वर पर भरोसा करने वाले व्यक्ति हैं अफवाहों पर नहीं। उन्हें ईश्वर और अपनी पार्टी के नेतृत्व पर पूरा भरोसा है। वह लोगों की बातों में ध्यान नहीं देते हैं और अपना काम करते रहने में विश्वास करते हैं।
अपने कार्यकाल के 4 साल पूरा होने पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आदमी के काम करने के लिए एक दिन भी बहुत होता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केदारनाथ की भूमि से कहा था कि वर्तमान दशक उत्तराखंड के विकास का दशक होगा। हम अपनी पूरी क्षमता के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के लिए काम कर रहे हैं। हमारा यह विकल्प रहित संकल्प है कि उत्तराखंड को इस दशक में देश का विकसित राज्य बनाना है।
मुख्यमंत्री से उनके कालनेमि अभियान के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है तथा पूरे साल यहंा सनातनी धार्मिक गतिविधियां जारी रहती है। उत्तराखंड में भगवा वेश धारण कर सनातनी परंपराओं के खिलाफ काम करने वाले बहुरूपियों को कतई भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो लोगों को भ्रमित कर उन्हें ठग लेते हैं हमने ऐसे लोगों के खिलाफ अभियान छेड़ा है कल 25 लोग पकड़े गए थे आज भी बड़ी संख्या में फर्जी भगवाधारी पकड़ने की खबर है। उन्होंने कहा कि साधु संतों का भी हमें इसमें समर्थन मिल रहा है। जब उनसे पूछा गया कि यह किसी धर्म विशेष के खिलाफ कार्यवाही तो नहीं है इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि राज्य और आम जनता के हित में ही उनकी प्राथमिकता होती है किसी को यहां टारगेट नहीं करना है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार से पहले भ्रष्टाचार के खिलाफ ऐसे सख्त कदम किसी सरकार ने नहीं उठाये। लोग कहते हैं छोटी मछलियां पकड़ी जाती है लेकिन अब मगरमच्छ भी बख्शे नहीं जा रहे हैं। मानसूनी आपदा के बीच गैरसैंण में सत्र आयोजन पर उनका कहना था कि मानसून काल में सब काम चलते रहते हैं चार धाम यात्रा चल रही है सत्र भी चलेगा।




