Home News Posts उत्तराखंड जिला अस्पताल में चाकूबाजी, युवक की मौत

जिला अस्पताल में चाकूबाजी, युवक की मौत

0
29

उधमसिंहनगर। मोबाइल कारोबार में वर्चस्व और प्रतिस्पर्धा को लेकर दो दुकानदारों के बीच शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। पहले दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें चार लोग घायल हो गए। इसके बाद मेडिकल परीक्षण कराने जिला अस्पताल पहुंचे एक पक्ष के लोगों पर दूसरे पक्ष के 10 से 12 लोगों ने इमरजेंसी गेट पर हमला कर दिया। हमलावरों ने चाकुओं से वार कर 30 वर्षीय राजकुमार उर्फ नितेश कुमार की हत्या कर दी। अस्पताल परिसर में दिनदहाड़े हुई इस वारदात से मरीजों और तीमारदारों में दहशत फैल गई।
मामला आज सुबह रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार जगतपुरा और आवास विकास क्षेत्र में मोबाइल की अलग—अलग दुकानें हैं। दोनों दुकानों के संचालक दिनेश जौहरी और अमन प्रजापति के बीच लंबे समय से व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा चली आ रही थी। इसी को लेकर आज सुबह दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया और दोनों पक्षों के लोग आमने—सामने आ गए। संघर्ष में चार लोग घायल हो गए। इस दौरान दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए गए। मारपीट में घायल एक पक्ष के लोग शिकायत लेकर आवास विकास पुलिस चौकी पहुंचे थे। पुलिस ने उन्हें मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। इसी बीच दूसरे पक्ष को भी इसकी जानकारी मिल गई। आरोप है कि दूसरे पक्ष के 10 से 12 लोग जिला अस्पताल पहुंच गए और इमरजेंसी गेट के पास दोनों पक्षों के बीच दोबारा विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और हमलावरों ने राजकुमार उर्फ नितेश कुमार (30) पुत्र कमलेश जौहरी पर चाकुओं से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल राजकुमार को अस्पताल में बचाने के प्रयास किए गए, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल के इमरजेंसी गेट पर हुई इस वारदात से अफरा—तफरी मच गई।
हत्या की सूचना मिलते ही एसपी सिटी प्रमोद कुमार समेत तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग—अलग कर स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि एसपी सिटी के मौके पर पहुंचने और घटना की जानकारी लेने के दौरान भी दोनों पक्षों के लोग फिर आमने—सामने आ गए। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि दो पक्षों के बीच हुए विवाद में घायल एक पक्ष के लोग मेडिकल कराने जिला अस्पताल पहुंचे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के 10 से 12 लोगों ने वहां पहुंचकर उन पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here