- मेरा व मेरे परिवार का कराया जाये पॉलीग्राफ टेस्ट: पाण्डेय
देहरादून। विधायक अरविंद पाण्डेय ने पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ से मिलकर उनपर दर्ज मुकदमें की सच्चाई के लिए मांग की है कि उनका व उनके परिवार सहित द्वितीय पक्ष का भी पॉलीग्राफ टेस्ट कराया जाये जिससे सच्चाई सामने आ जायेगी।
आज यहां विधायक गदरपुर अरविन्द पाण्डे ने पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ से मिलने के बाद पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि 20 जनवरी को उनके व उनके परिवार के जयप्रकाश तिवारी (बहनोई), देवानंद पाण्डेय (भाई), किशन पाण्डेय, मोहन पाण्डेय (चचेरे भाई) के खिलाफ थाना बाजपुर में झूठे एवं गलत तथ्यों के आधार पर धारा 318(4), 351 (2) भारतीय न्याय सहिंता के अन्तर्गत प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज की गयी जो कि बेबुनियाद एवं गलत है। कूचटरचित प्रमाण पत्र बनाने व जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा भी दर्ज हुआ है। उन्होंने पुलिस महानिदेशक से मांग की है उनके व उनके परिवार के लोगों की जांच हो और दोनों पक्षों (उनका व मुकदमा दर्ज कराने वाले) की पॉलीग्राफ टेस्ट कराया जाये। अगर उनका परिवार दोषी है तो उनको जेल भेज दें। उन्होंने कहा कि यदि शिकायतकर्ता की शिकायत झूठी पायी जाये तो उसके विरूद्ध झूठी शिकायत देने के लिए कानूनी कार्यवाही किया जाना न्यायोचित है जिससे पीडित पक्ष को न्याय मिल सके। उन्होंने कहा कि यह केन्द्र की व्यवस्था है कि अगर किसी राजनेता पर कोई आरोप लगते हैं दो उसकी जांच शीघ्र अति शीघ्र करायी जाये। उन्होंने कहा कि उनके 30 साल के राजनैतिक जीवन में उनपर कोई आरोप नहीं लगे हैं लेकिर अब जो उनपर मुकदमा दर्ज हुआ है तो उनके व उनके परिवार व मुकदमा लिखाने वाले का पॉलीग्राफ टेस्ट कराया जाये यहीं नही अभिलेखों की जांच करायी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसान सुखवन्त सिंह आत्महत्या मामले की भी सीबीआई जांच करायी जाये।





