रामपुर। शहर के राम रहीम पुल पर उस समय अफरातफरी मच गई जब एक युवक ने चलते रोडवेज बस के ऊपर कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया। युवक की पहचान जुनूबी इलाके निवासी फरमून के रूप में हुई है, जो प्रेम प्रसंग में मानसिक तनाव से जूझ रहा था।
जानकारी के अनुसार, फरमून का अपने बड़े भाई की साली से लंबे समय से प्रेम—प्रसंग चल रहा था। जब उसने परिवार से उस युवती से विवाह की इच्छा जताई तो दोनों पक्षों के परिजनों ने इस रिश्ते को मंजूरी नहीं दी। इससे आहत होकर युवक शुक्रवार सुबह घर से निकल पड़ा और दोपहर के वत्तQ सिविल लाइन थाना क्षेत्र के राम रहीम पुल पर पहुंच गया। राम रहीम पुल पर कुछ देर बैठने के बाद जैसे ही दिल्ली—बरेली मार्ग पर एक रोडवेज बस गुजरी, युवक ने अचानक उसके ऊपर छलांग लगा दी। आनन—फानन में बस को रोका गया और युवक को बस की छत से नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया गया। घटना सिविल लाइन थाने के सामने होने के कारण पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लोगों की मदद से युवक को नीचे उतारकर जिला अस्पताल भिजवाया। वहीं, सड़क पर बस के रुकने के कारण कुछ देर के लिए जाम भी लग गया, जिसे बाद में पुलिस ने नियंत्रित किया। बस की छत पर पड़े युवक का वीडियो वहां मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन से बना लिया। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवक की गंभीर मानसिक स्थिति साफ झलक रही है। सिविल लाइंस थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि युवक का मामला पूरी तरह प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। परिजनों की आपसी सहमति न मिलने के कारण युवक मानसिक रूप से तनाव में था। पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।




