उधमसिंहनगर। फैक्ट्री में हाइड्रोजन सिलिंडर फटने से जहंा एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गयी वहीं 10 लोग गम्भीर रूप से घायल हुए है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मृतक के शव को कब्जे में लेकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया जहंा उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
मामला काशीपुर स्थित सूर्या रोशनी लिमिटेड का है। जानकारी के अनुसार आज सुबह लगभग 11.30 बजे सूर्या रोशनी लिमिटेड काशीपुर में हाइड्रोजन सिलिंडर फटने से बड़ा हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि हादसे में एक व्यक्ति का मौत हो गई है, जबकि 10 लोग घायल बताए जा रहे है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया जहंा उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। वहीं हादसा होने के बाद सारे स्टाफ की छुटृी करके बसों से वापस भेज दिया गया। प्लांट के अंदर जाने से सभी को रोका जा रहा है। पुलिस व प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है। बताया जा रहा है कि हादसे में मृतक के दोनों पैर कट गए, वहीं, उसका शरीर भी बुरी तरह झुलस गया है।
वहीं घटना की जानकारी मिलते ही घायलों का हाल जानने मंडलायुक्त/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी मणिकांत मिश्रा, सीएमओ डॉ. के.क.े अग्रवाल आयुष्मान चिकित्सालय पहुंचे। उन्होंने घायलों हाल जाना व उनके परिजनों से वार्ता की। मंडलायुक्त/सचिव मुख्यमंत्री ने चिकित्साधिकारियों से वार्ता की व कहा कि घायलों का हर सम्भव उपचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से भी वार्ता हो गई है। मुख्यमंत्री ने भी घटना पर दुःख व्यक्त किया है व उन्होंने कहा कि यदि किसी घायल को उपचार हेतु उच्च चिकित्सालय भेजना पड़े तो भेजा जाएगा।
वहीं आयुक्त ने घटना की जांच कराने हेतु जिलाधिकारी को निर्देश दिए। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि घायलों का हर सम्भव ईलाज किया जाएगा। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को चिकित्सालय में बने रहने के निर्देश दिए तथा घायलों के स्वास्थ्य पर नजर रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सूर्य फैक्ट्री में घटना को देखते हुए राहत बचाव हेतु एनडीआरएफ को भी भेजा। इस दौरान महापौर दीपक बाली, एडीएम पंकज उपाध्याय, एडीएम अभय प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।




