हरिद्वार। गौतस्करों से देर रात पुलिस की मुठभेड़ हो गयी। जिसमें गोली लगने से एक गौतस्कर घायल हो गया। हालांकि इस दौरान दो गौतस्कर फरार होने में सफल रहे जिनकी तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार कल देर रात नवोदयनगर के पीछे गुर्जर बस्ती से बछड़ा चोरी कर भागे कार सवार गौतस्करों का पीछा कर रही पुलिस टीम की देर रात उक्त बदमाशों से आन्नेकी रोड के जंगल के पास मुठभेड हो गयी। कार के सड़क किनारे कच्चे मे फंसने पर नीचे उतर कर भाग रहे गौतस्करों द्वारा पुलिस टीम पर फायरिंग की गयी। जिस पर जवाबी फायरिंग करते हुए पुलिस ने जब गोलियंा चलायी तो एक गौतस्कर गोली लगने से घायल होकर जमीन मे गिर गया। हालांकि इस दौरान उसके दो साथी जंगल की ओर भाग गये।
घायल गौतस्कर के कब्जे से मोबाइल फोन, कारतूस 315 बोर व एक हजार रुपये नगद बरामद हुए। गौतस्कर की पहचान प्रदीप उर्फ जुम्मन पुत्र भुल्लन सिंह निवासी ग्राम देदनोर थाना नकुड़ जिला सहारनपुर उत्तर प्रदेश के रुप में हुई। घायल को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती किया गया है। जिसका उपचार चल रहा है पुलिस टीम द्वारा फरार गौतस्करों की तलाश की जा रही है। एनकाउंटर की सूचना मिलते ही एसपी सिटी पंकज गैरोला सहित आला अधिकारी मौके पर एवं जिला अस्पताल पहुंचे तथा स्थिति की जायजा लेते हुए फरार गौतस्करों की धरपकड के निर्देश दिए गये।




