नैनीताल। जूते के शोरूम में देर रात आग लगने से क्षेत्र में अफरा—तफरी फैल गयी। सूचना मिलने पर पुलिस व दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया। आग लगने की इस घटना में लाखों के नुकसान ही आशंका जताई जा रही है।
आग लगने की यह घटना शहर के व्यस्ततम बाजार मीरा मार्ग स्थित “माशा शूज” शोरूम में देर रात अचानक हुई। जिससे दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब 10 बजे दुकान बंद होने के बाद आसपास के लोगों ने शटर के भीतर से घना धुआं निकलता देखा। देखते ही देखते बाजार में हड़कंप मच गया और घटना की सूचना तत्काल फायर सर्विस को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फायर कर्मियों की तत्परता के चलते आग को आसपास की दुकानों और प्रतिष्ठानों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
बताया जा रहा है कि यह दुकान सुमेर सिद्दीकी पुत्र मतीन सिद्दीकी की है। आग की चपेट में आने से दुकान का अधिकांश सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। नुकसान का आकलन किया जा रहा है, जबकि प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए देर रात एसडीएम मोनिका भी मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। राहत की बात यह रही कि इस अग्निकांड में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।




