Home News Posts उत्तराखंड कड़ाके की ठण्ड के वाबजूद श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई आस्था की...

कड़ाके की ठण्ड के वाबजूद श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई आस्था की डुबकी

0
166
  • देव डोलियों ने भी किया स्नान, चाकचौबंद पुलिस व्यवस्था

हरिद्वार। माघ मकर संक्रांति स्नान पर्व की शुरूआत घने कोहरे और भयंकर ठंड के बीच हुई। बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान के लिए पहुंचे। ढोल और दमाऊं की थाप के बीच देव डोलियों को लाया गया। और गंगा में स्नान कराया गया। श्रद्धालू हर की पैड़ी सहित तमाम गंगा घाट पर पहुंचे। भीषण ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं दिखा। तड़के से गंगा के सभी घाटों पर लोग स्नान दान और पूजा करते दिखायी दिये।
सूर्य का दक्षिणायन से उत्तरायण में आना और एक राशि से दूसरी राशि में प्रवेश करना ही मकर संक्रांति कहलाता है। इस वर्ष संक्रांति और एकादशी का शुभ फलदायी संयोग बन रहा है। इस विशेष मुहूर्त में स्नान को उत्तम बताया जाता है।
हरिद्वार स्थित नारायणी शिला के मुख्य सेवक और ज्योतिषाचार्य पंडित मनोज त्रिपाठी ने बताया कि आज दोपहर 3 बजकर 7 मिनट पर सूर्य मकर राशि में प्रवेश करेंगे। उत्तरायण काल को शास्त्रों में शुभ माना गया है। इस दिन पवित्र नदियों में स्नान, सूर्य को अर्घ्य देना और दान करना विशेष फलदायी होता है। सुबह स्नान कर भगवान शिव, माता पार्वती और भगवान गणेश की पूजा करने के बाद सूर्य देव को अर्घ्य देना विशेष फलदायी रहेगा। इस दिन सुबह 7 बजकर 31 मिनट बजे से रात 3 बजकर 4 मिनट तक सर्वार्थ सिद्धि योग और अमृत सिद्धि योग बन रहा है। इसके साथ ही चतुर्ग्रही योग और वृद्धि योग भी रहेगा। इससे दिन और अधिक शुभ है। इस साल मकर संक्रांति के दिन षटतिला एकादशी भी पड़ रही है।
यह संयोग करीब 23 साल बाद बन रहा है, जब संक्रांति और एकादशी एक ही दिन आ रही है। ज्योतिष के अनुसार, यह संयोग बहुत पुण्यकारी है। इस दिन किया गया स्नान, दान और पूजा अनंत गुना शुभ फल देने वाला माना जाता है। मकर संक्रांति पर स्नान के बाद सूर्य देव को जल अर्पित करें, जल में गुड़ या लाल फूल डाल सकते हैं। तिल और गुड़ का दान करना शुभ माना जाता है। जरूरतमंदों को कंबल, वस्त्र या अनाज दान करें। आदित्य हृदय स्तोत्र का पाठ करें इससे विशेष लाभ होगा।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं व्यवस्था को लेकर हरिद्वार पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। श्रद्धा, सुरक्षा और अनुशासन के साथ सकुशल स्नान पर्व संपन्न कराने में पुलिस प्रशासन जुटा रहा । एसएसपी हरिद्वार प्रमेन्द्र डोभाल ने कहा कि व्यवस्थाओं को बनाने में हरिद्वार पुलिस का सहयोग करें, किसी भी प्रकार की अवांछनीय वस्तु या संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देने पर हरिद्वार पुलिस को सूचित करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here