नैनीताल। हल्द्वानी में आज सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहंा कोतवाली क्षेत्र में फायर ब्रिगेड दफ्तर के पीछे बहने वाली सिंचाई नहर में एक कार अनियंत्रित होकर गिर गई। इस हादसे में एक बच्चे सहित 4 लोगों की मौत हो गयी जबकि तीन गम्भीर रूप से घायल है। सूचना मिलने पर पुलिस व फायर ब्रिगेड के जवानों ने रेस्क्यू कर सभी मृतकों व घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। जहंा घायलो की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार आज सुबह कोतवाली क्षेत्रांर्तगत फायर ब्रिगेड के पीछे बहने वाली सिंचाई नहर में एक कार अचानक गिर गयी। कार गिरते ही थोड़ा आगे बहकर पुलिया में फंस गई इस दौरान कार के अंदर पानी घुस गया। कार में 7 लोग सवार थे इनमें से एक बच्चे समेत 4 लोगों की मौत हो गई है। 3 लोग घायल हुए हैं. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने कार को रेस्क्यू करके नहर से बाहर निकाला। कार के शीशे खोलने पर पता चला कि एक बच्चे समेत कुल चार लोग दम तोड़ चुके थे। 3 लोग घायल हैं इन्हें सुशील तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
एसपी सिटी प्रकाश चंद्र ने बताया कि कार में कुल सात लोग सवार थे। इनमें एक बच्चे सहित चार लोगों की मौत हो गई है। तीन लोगों का उपचार चल रहा है। नहर में कार गिरी और तेज बहाव होने के चलते कार बह गई। पुलिस कार और मृतक लोगों के संबंध में जानकारी इकट्ठा कर रही है।
बता दें कि भारी बारिश के कारण शहर के अन्य क्षेत्रों देवखड़ी, रक्सिया और कलसिया नालों में भी पानी का बहाव तेज है। इन क्षेत्रों में भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। नगर आयुक्त ऋचा सिंह खुद सुबह से ही फील्ड में डटी हुई हैं उन्होंने कहा कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। निगम द्वारा पहले से ही नालों की सफाई करवा दी गई थी, जिस कारण अधिकांश जगहों पर जलभराव की स्थिति नहीं बनी है। जहां से भी शिकायतें मिल रही हैं, वहां टीमें तुरंत पहुंच रही हैं किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर सर्विस, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें भी अलर्ट मोड में हैं। लोगों से अपील की गई है कि अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें और नालों या तेज बहाव वाले इलाकों से दूरी बनाए रखें।




