ऊधमसिंह नगर। पुलिस ने मारपीट व गोलीबारी करने के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया जबकि तीसरा आरोपी विधि विवादित किशोर है। पुलिस ने सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 25 मई को ट्रांजिट कैंप निवासी प्रेमपाल पुत्र नेतराम ने थाना ट्रांजिट कैंप में लिखित सूचना दी कि 24 मई की रात लगभग साढे दस बजे श्मशान घाट शराब ठेके के पास कुछ अज्ञात लड़कों ने उन्हें घेर लिया और हथियारों से लैस होकर उनकी गर्दन पर तमंचे की बट और लात—घूसों से पिटाई की। जाते—जाते उन्होंने अपने तमंचों से गोलियां भी चलाईं। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर मणिकांत मिश्रा द्वारा घटना की गंभीरता को देखते हुए त्वरित खुलासे हेतु पुलिस टीमों का गठन किया गया। सीसीटीवी फुटेज और मिली सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज की गई। 27 मई 2025 को मिली सूचना पर मोदी मैदान से रात सवा दस बजे 02 आरोपियोंं को 03 अवैध तमंचों और 06 जिंदा कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार व्यक्तियों ने अपने नाम बंटी कोली पुत्र महावीर कोली, निवासी निकट कटोरी मंदिर, रामपुरा, थाना कोतवाली रुद्रपुर, प्रथम पाल सिंह पुत्र रणधीर पाल सिंह, निवासी मझना, थाना नवाबगंज, जिला फर्रुखाबाद (फतेहगढ़), वर्तमान निवासी रेलवे स्टेशन के सामने डिबडिबा, थाना बिलासपुर, जिला रामपुर बताया। तीसरा आरोपी विधि विवादित किशोर है। पुलिस ने उनको न्यायालय में पेश किया जहां से किशोर को सुधारगृह व अन्यों को जेल भेज दिया गया।




