- लाखों रूपये की कीड़ा जड़ी व तस्करी में प्रयुक्त टाटा सूमो बरामद
चमोली। प्रतिबन्धित कीड़ा जड़ी तस्करी कर रहे दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जिनके पास से 300 ग्राम कीड़ा जड़ी व तस्करी में प्रयुक्त टाटा सूमो बरामद की गयी है।
जानकारी के अनुसार कोतवाली कर्णप्रयाग पुलिस की एक विशेष टीम ने गौचर चौकी के समीप बैरियर पर चेकिंग के दौरान एक टाटा सूमो वाहन से 300 ग्राम प्रतिबंधित कीड़ा जड़ी (यारसागंबू) बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि बीती शाम एक सूचना के आधार पर कोतवाली कर्णप्रयाग की एक विशेष पुलिस टीम ने गौचर चौकी स्थित बैरियर पर वाहनों की सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध टाटा सूमो वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई। वाहन में सवार चालक सहित दो व्यक्तियों की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से कुल 300 ग्राम प्रतिबंधित कीड़ा जड़ी बरामद हुई। बता दें कि कीड़ा जड़ी एक प्रतिबंधित श्रेणी की वन उपज है और इसे अपने कब्जे में रखने या इसका व्यापार करने के लिए वैध लाइसेंस/प्राधिकार पत्र की आवश्यकता होती है। गिरफ्तार आरोपियों द्वारा इस प्रतिबंधित वन उपज को अपने कब्जे में रखने से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या प्राधिकार पत्र प्रस्तुत नहीं किया गया। बरामद की गई 300 ग्राम प्रतिबंधित कीड़ा जड़ी की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रूपये बताई जा रही है। आरोपियों की पहचान रणजीत सिंह राणा पुत्र राय सिंह राणा (उम्र करीब 47 वर्ष) निवासी ग्राम सुभाई, कोतवाली जोशीमठ, जनपद चमोली और सयन सिंह पुत्र गोविन्द सिंह (उम्र 38 वर्ष) निवासी ग्राम सुभाई, कोतवाली जोशीमठ, जनपद चमोली के रूप हुई है। बहरहाल पुलिस ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हे न्यायालय में पेश किया जहंा से उन्हे जेल भेज दिया गया है।




