सूडान : सेना और अर्धसैनिक बलों के बीच जंग में अब तक 270 लोगों की मौत

0
225


नई दिल्ली। सूडान में सेना और अर्धसैनिक बलों के बीच पांचवें दिन भी हिंसक जंग जारी है। इस लड़ाई में अब तक एक भारतीय समेत 270 लोगों की मौत हो चुकी है। सूडानी सेना और एक प्रतिद्वंद्वी अर्धसैनिक बल मंगलवार शाम से 24 घंटे के संघर्ष विराम के लिए सहमत हुए थे, लेकिन इसका पालन होता नजर नहीं आया। चश्मदीदों ने बताया कि हिंसा के कारण अपने घरों में कई दिन से कैद सूडान के लोग राहत के कोई संकेत नहीं मिलने के कारण हताशा में अब अपने घरों को छोड़कर भागने लगे हैं। सूडान की राजधानी खार्तूम के कई इलाकों के निवासियों ने बताया कि उन्होंने महिलाओं तथा बच्चों सहित कई लोगों को सामान ले जाते हुए देखा। ‘डॉक्टर्स सिंडिकेट’ की सचिव अतिया अब्दुल्ला अतिया ने कहा कि खार्तूम एक डरावना शहर बन गया है। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, देश में वीकेंड में शुरू हुई हिंसा के बाद से अभी तक कम से कम 270 लोगों की जान जा चुकी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खार्तूम में निर्धारित समय से लेकर बुधवार रात तक गोलीबारी जारी रही। राजधानी छोड़कर जा रहे हैं एक शख्स ने कहा, “मैंने कोशिश की कि हमारे बच्चे सड़कों पर लाशें न देखें।” एक्टिव हुआ भारत सरकारी सूत्रों ने बताया कि भारत की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि आवाजाही सुरक्षित हो और लोग जहां कहीं भी हों, सुरक्षित हों। विदेश मंत्रालय और खार्तूम स्थित भारतीय दूतावास सतत रूप से स्थिति पर नजर रखे हुए है। एक सूत्र ने कहा कि सुरक्षा कारणों के चलते हम विशिष्ट डिटेल्स नहीं दे सकते। उन्होंने कहा कि अमेरिका, ब्रिटेन, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात की सूडान में अहम भूमिका है और भारत उसी के अनुसार उनसे बातचीत कर रहा है।
सूत्रों ने बताया कि भारत संयुक्त राष्ट्र के साथ भी काम कर रहा है, जिसकी सूडान में उल्लेखनीय उपस्थिति है। उन्होंने बताया कि वाशिंगटन में भारतीय राजदूत और लंदन स्थित भारतीय उच्चायुक्त सूडान की स्थिति को लेकर संबंधित मेजबान सरकारों के साथ संपर्क में हैं। नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय ने सूडान की वर्तमान स्थिति को ध्यान में रखते हुए सूचना एवं सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here