Home उत्तराखंड Chamoli बद्रीनाथ धाम में भगवान नारायण का मुकुट चुराने वाला गिरफ्तार

बद्रीनाथ धाम में भगवान नारायण का मुकुट चुराने वाला गिरफ्तार

0
23
  • 5 लाख मूल्य का सोने का मणि जड़ित है बरामद मुकुट

चमोली। बद्रीनाथ धाम में भगवान नारायण का मुकुट चुराने वाले एक शातिर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जिसके पास से 5 लाख रूपये का सोने का मणि जड़ित मुकुट व नगदी बरामद की गयी है।
जानकारी के अनुसार बीती 27 जुलाई को ब्रह्मचारी भगवत दास, ब्रह्मर्षि साधना संघ आश्रम, ब्रह्मकपाल द्वारा थाना कोतवाली श्री बद्रीनाथ में तहरीर देकर बताया गया था कि आश्रम में भजन—कीर्तन हेतु शरण लेने वाले साधु राघवदास ने दिनांक 24 जुलाई 2026 की रात्रि मंदिर से भगवान नारायण का लगभग 5 लाख रूपये मूल्य का सोने का मणि जड़ित मुकुट एवं नकदी चोरी कर ली है। मामले में पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल एवं उसके आसपास गहन छानबीन की। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश, संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ करते हुए आरोपी की तलाश निरंतर जारी रखी गयी। आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस टीम द्वारा बीती शाम एक सूचना के आधार पर बद्रीश गंगा वाटिका गेट (हनुमानचटृी रोड) के पास घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे आरोपी राघवराम पाठक उर्फ राघवदास पुत्र श्यामता प्रसाद पाठक, निवासी ग्राम मुनीमपुर, थाना भिनगा, जनपद श्रावस्ती (उत्तर प्रदेश) को पुलिस टीम ने मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। जिसकी निशानदेही पर भगवान नारायण का चोरी गया सोने का मणि जड़ित मुकुट व चोरी की गई नकदी में से 4,500 रूपये तथा घटना में प्रयुक्त काला बैग बरामद कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने आश्रम के मंदिर से भगवान नारायण का सोने का मुकुट तथा वहीं ठहरे प्रभुदास नामक व्यक्ति के बैग से नकदी चोरी की थी। बहरहाल पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here