नैनीताल। उत्तराखंड के प्रसिद्ध कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की कालागढ़ रेंज में गश्त के दौरान वनकर्मियों को एक नर बाघ मृत अवस्था में मिला। बाघ का शव धारा बीच क्षेत्र में धारा सोक के किनारे पड़ा मिला, जिसके बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर वन विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
कॉर्बेट पार्क के निदेशक डॉ. साकेत बडोला के निर्देश पर उपनिदेशक राहुल मिश्रा, पार्क वार्डन बिंदर पाल सिंह और वरिष्ठ वन्यजीव चिकित्साधिकारी डॉ. दुश्यंत शर्मा अपनी टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण की गाइडलाइन के अनुसार कार्रवाई की गई।
वन विभाग के अनुसार मृत बाघ की उम्र करीब 8 से 10 वर्ष के बीच आंकी गई है। प्रारंभिक जांच में मामला प्राकृतिक मौत का प्रतीत हो रहा है, क्योंकि बाघ के शरीर के सभी अंग सुरक्षित पाए गए हैं और किसी प्रकार के शिकार या संघर्ष के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। वन विभाग ने वरिष्ठ चिकित्सकों की निगरानी में बाघ का पोस्टमार्टम कराया है। आवश्यक सैंपल लेकर उन्हें भारतीय वन्यजीव संस्थान भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। घटना के बाद क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है और विभाग पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटा हुआ है।




