केंद्रीय नेतृत्व को सौंपी संभावितों की सूची
15 अगस्त के बाद हो सकता है फैसला
देहरादून। राज्य कैबिनेट में खाली पड़े 3 पदों को शीघ्र भरा जा सकता है। धामी सरकार में मंत्री बनने वाले वह तीन भाग्यशाली लोग कौन होंगे भले ही अभी इस बारे में कोई जानकारी बाहर नहीं आई है लेकिन 15 अगस्त के बाद धामी मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है इसकी कवायद शुरू हो चुकी है।
अपने तीन दिवसीय दौरे पर दिल्ली गये मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस मुलाकात में नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भटृ भी उनके साथ रहे पता चला है कि इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने अमित शाह के साथ इस मुद्दे पर चर्चा की है। वही पंचायत और लोकसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर संगठन को मजबूत करने पर बात हुई है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री आज या कल पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मुलाकात करेंगे। राज्य सरकार के कामकाज के अलावा इस बैठक में कैबिनेट में खाली पड़े तीन मंत्री पदों को भरने तथा कार्यकर्ताओं को दायित्वों के बंटवारे पर चर्चा होगी। जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री राज्य कैबिनेट में शामिल होने वाले संभावित सदस्यों की सूची पार्टी आलाकमान को सौंपने जा रहे हैं क्योंकि इस पर अंतिम फैसला हाईकमान द्वारा ही किया जाना है।
किन लोगों को मंत्री बनाया जा सकता है इस बारे में अभी कुछ पुख्ता तौर पर कहा जाना संभव नहीं है। लेकिन पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक को मंत्री बनाए जाने की चर्चा जरूर है। यह पहला मर्तबा है कि मदन कौशिक फिलहाल न तो संगठन में और न सरकार में किसी महत्वपूर्ण पद पर हैं। प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाए जाने के बाद अब वह सामान्य विधायक भर है और ऐसा पहली बार हुआ है जब उनके पास कोई जिम्मेवारी नहीं है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नौ मंत्रियों के साथ शपथ ली थी तथा तीन मंत्री पद खाली हैं। जिन्हें भरा जाना है। वहीं कुछ बोर्ड और आयोगों में भी अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पदों पर संगठन के लोगों को दायित्व बाटें जा सकते हैं। इस बारे में प्रदेश अध्यक्ष भटृ का कहना है कि सरकार और संगठन मिलकर मजबूती से आगे बढ़ेंगे।