Home News Posts उत्तराखंड हेलीकॉप्टरों ने आज नहीं भरी कोई उड़ान

हेलीकॉप्टरों ने आज नहीं भरी कोई उड़ान

0
497

  • चार जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट
  • चार धाम यात्रियों से सतर्क रहने की अपील

रुद्रप्रयाग। गौरीकुंड के जंगलों में हेलीकॉप्टर क्रैश की घटना के बाद 2 दिन तक रोकी गई हेली सर्विस हालांकि आज शुरू कर दी गई लेकिन खराब मौसम के कारण चार धाम हेली मार्गों पर आज एक भी हेलीकाप्टर उड़ान नहीं भर सका।
मौसम विभाग द्वारा बीते कल अगले 48 घंटो के लिए जारी फोरकास्ट में उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग तथा चमोली व बागेश्वर तथा नैनीताल के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया था। भले ही कल इन सभी जनपदों में मौसम ज्यादा खराब न रहा हो लेकिन फिर एक बार मौसम विभाग द्वारा अलर्ट जारी करते हुए इन सभी चार जिलों में तेज आंधी तूफान के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किए जाने के बाद हेली उड़ानों को रोक दिया गया है। आज सुबह से ही मौसम खराब होने के कारण सभी चारों धामों के लिए एक भी हेलीकाप्टर ने उड़ान नहीं भरी है।
मौसम विभाग के निदेशक डॉ विक्रम सिंह का कहना है कि राज्य में इस दौरान भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि और तेज हवाएं चल सकती हैं। उन्होंने सभी चार धाम यात्रियों से सतर्कता बरतने तथा यात्रा न करने की सलाह देते हुए कहा है कि यात्रियों को नदी नाले और गधेरे से दूरी बनाकर रखने की जरूरत है यात्री किसी तरह का रिस्क न ले। उनका कहना है कि इस दौरान राजधानी देहरादून पिथौरागढ़ व अल्मोड़ा तथा बागेश्वर जिले में बारिश होने की उम्मीद है आने वाले कुछ दिनों तक राज्य में ऐसा ही मौसम बना रहेगा।
उल्लेखनीय है कि चार धाम यात्रा में संचालित होने वाली हेली सेवाएं आगामी 22 जून तक ही संचालित होगी। मानसून की सक्रियता के कारण इन्हें इसके बाद बंद कर दिया जाएगा जो अक्टूबर में पुनः शुरू की जाएगी। हेली दुर्घटनाओं के मद्देनजर भी अब अतिरिक्त सतर्कता बढ़ती जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here