Home उत्तराखंड देहरादून मंदिर मस्जिद व मजारः कब तक?

मंदिर मस्जिद व मजारः कब तक?

0
244


इन दिनों एक बार फिर हिंदू—मुस्लिम और मंदिर—मस्जिद के मुद्दों पर देश की सियासत में उफान आया हुआ है। संसद से लेकर सड़कों तक नेताओं के तीखे और भड़काऊ बयानों से यह साफ है कि स्थिति अत्यंत ही गंभीर रूप ले चुकी है। सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव और नेता विपक्ष को संभल जाने से शासन—प्रशासन द्वारा बलपूर्वक रोका जाना और मीडिया की खबरों में इसे यादव और गांधी को एक और झटका बता कर परोसे जाने वाली खबरें यह बताने के लिए काफी है कि देश की राजनीति और देश का लोकतंत्र किस दिशा में जा रहा है। सालों से मणिपुर सांप्रदायिक हिंसा की आग में जल रहा है तथा महिलाओं के साथ ऐसे शर्मनाक अपराधों को अंजाम दिया जा रहा है जिन्हें लेकर देश—विदेश तक में देश की सभ्यता और संस्कृति के साथ लोकतंत्र पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं लेकिन प्रधानमंत्री मोदी इतने लंबे समय में एक बार भी मणिपुर के पीड़ितों का हाल जानने के लिए मणिपुर नहीं गए हैं। अभी 12 दिन पहले मस्जिद विवाद को लेकर यूपी के संभल में व्यापक हिंसा और आगजनी हुई। उत्तर प्रदेश की सरकार जो कानून व्यवस्था को लेकर बड़े—बड़े दावे करती है वह संभल में हुई दुखद घटना को रोकने में तो नाकाम रही लेकिन अब वह किसी को भी संभल तक जाने से रोकने में अपनी पूरी ताकत झोंक रही है। अखिलेश यादव द्वारा संसद में इस मुद्दे पर बोलते हुए जो कहा गया वह काबिले गौर है उनका कहना है कि जो लोग संभल में मस्जिद की खुदाई की बात कर रहे हैं या कहीं भी मस्जिद और मजारों पर बुलडोजर चलवाने की बात कर रहे हैं वह देश की गंगा—जमुनी संस्कृति और सभ्यता की जड़ों और देश के लोकतंत्र की बुनियाद को खोदने का काम कर रहे हैं जिसके गंभीर परिणाम देश की आने वाली पीढियों को भोगने पड़ेंगे देश में नफरत की जो राजनीति उफान पर है तथा जिसे अपने राजनीतिक हितों के लिए साधा जा रहा है वह सत्ता में बैठे लोगों के अंदर के डर को दर्शाती है। यह कोई एक अकेला वाक्या नहीं है अभी हैदराबाद से चलकर भाजपा के विधायक टी राजा उत्तराखंड के उत्तरकाशी पहुंचे। उन्होंने उत्तराखंड के लोगों को अपने यहां आने का मकसद बताते हुए साफ कहा कि वह सूबे के मुख्यमंत्री धामी से यह अपील करने आए हैं कि वह राज्य की सभी मस्जिदों और मजारों की जांच करायें और उन पर बुलडोजर की कार्यवाही करें। यह अलग बात है कि उत्तराखंड के किसी भी मीडिया प्रतिष्ठान या पत्रकार द्वारा उनसे यह सवाल नहीं पूछा गया कि जब सुप्रीम कोर्ट द्वारा बुलडोजर की कार्यवाही पर रोक लगा दी गई है तो वह सीएम धामी से इस तरह की मांग क्यों और कैसे कर सकते हैं? ठीक वैसे ही राहुल गांधी को संभल जाने से रोके जाने पर मीडिया ने यह नहीं पूछा की घटना के 12 दिन बाद भी नेता विपक्ष को संभल जाने से क्यों रोका जा रहा है। देश में कहीं भी अगर मंदिर या मस्जिद की बात हो रही है या खुदाई कराई जा रही है तो यह वास्तव में किसी धर्म संस्कृति की रक्षा या उसकी तलाश नहीं है बल्कि यह सीधे—सीधे तौर पर वोट की खुदाई है। जो सत्ता में बने रहने के लिए की जा रही है। लोकसभा चुनाव से पूर्व भाजपा ने जिस तरह से अयोध्या में राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के जरिए हवा देने की कोशिश की थी और वह इस प्रयास में विफल साबित हुई थी उसके बाद यह माना जा रहा था कि अब ऐसे मुद्दों पर होने वाली राजनीति हतोत्साहित होगी लेकिन यह सोच अब गलत साबित हो चुकी है। इसके उलट सत्ता पक्ष ने अब इसे और अधिक मजबूती और जोरदार तरीके से आगे बढ़ाने के लिए कमर कस ली है। परिणाम क्या होंगे? उनके बारे में कोई कुछ भी सोचे लेकिन यह हालात देश और समाज हित में कदाचित भी नहीं ठीक हो सकते है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here