- अब तक 29 लाख लोगों ने कराया रजिस्ट्रेशन
- 20 दिन में 9 लाख से ऊपर यात्री पहुंचे धाम
देहरादून। चारधाम यात्रा को शुरू हुए अभी 20 दिन का समय ही हुआ है लेकिन मौसम की बेरुखी तथा तमाम अव्यवस्थाओं के बीच भी चारधाम यात्रियों की संख्या में कोई कमी नहीं है। इन 20 दिनों में 9 लाख से अधिक यात्री चारों धामों की यात्रा कर चुके हैं तथा 29 लाख लोगों द्वारा रजिस्ट्रेशन कराया जा चुका है जिसमें 52 हजार से अधिक विदेशी यात्री भी शामिल हैं।
उम्मीद जताई जा रही है कि समर वेकेशन के चलते आने वाले दिनों में यात्रियों की संख्या में और अधिक इजाफा होगा। अब तक केदारनाथ में 3.80 लाख और बद्रीनाथ धाम में 2.12 लाख गंगोत्री धाम में 1.68 तथा यमुनोत्री धाम में 1.55 लाख यात्री दर्शन कर चुके हैं। 30 अप्रैल को गंगोत्री व यमुनोत्री धामो के कपाट खुलने के बाद शुरू हुई चार धाम यात्रा के समय मौसम अत्यंत ही खराब देखा गया था। रास्तों से बर्फ काटकर रास्ते बनाए गए और जब कपाट खुले थे तो उस समय भी बारिश देखी गई, जिसका सिलसिला अभी तक जारी है। आज भी चमोली, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग में बारिश व ओलावृष्टि होने की खबरें हैं।
इसके साथ ही अब तक तीन हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं तथा 6 लोगों की मौत हो चुकी है घोड़े खच्चर में इन्फ्लूएंजा की बीमारी के कारण बड़ी संख्या में घोड़े—खच्चर मर चुके हैं तथा अभी भी बहुत सारे बीमार हैं लेकिन यात्रियों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई है प्रशासन को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में स्कूल—कॉलेजो की छुटिृयां होने पर इस भीड़ में और अधिक वृद्धि होगी।



