Home News Posts कुख्यात हिस्ट्रीशीटर के अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर

कुख्यात हिस्ट्रीशीटर के अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर

0
27
  • 50 लाख रुपये से अधिक मूल्य की सरकारी भूमि कराई गई मुक्त
  • डकैती, अपहरण, हत्या के प्रयास सहित 27 मुकदमों में है नामजद

उधमसिंहनगर। कुख्यात हिस्ट्रीशीटर तारा सिंह के अवैध निर्माण पर आज पुलिस व प्रशासन की टीमों ने बुल्डोजर चलवा दिया है। हिस्ट्रीशीटर तारा सिंह इन दिनों जेल में बंद है जिस पर हत्या, लूट, अपहरण, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट व एनडीपीएस एक्ट सहित करीब 27 मुकदमें दर्ज है।
जानकारी के अनुसार कोतवाली नानकमत्ता पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त अपराधियों की संपत्तियों का चिन्हीकरण किया गया। जांच के दौरान यह तथ्य प्रकाश में आया कि कोतवाली नानकमत्ता के हिस्ट्रीशीटर/गैंगस्टर अपराधी तारा सिंह पुत्र गुरदयाल सिंह निवासी डैम बंदा गिधौर तथा उसके परिवारजनों द्वारा नानकसागर बांध स्थित सिंचाई विभाग की सरकारी भूमि पर अवैध रूप से अतिक्रमण कर पक्का निर्माण किया गया था। उक्त स्थान का प्रयोग लंबे समय से अवैध स्मैक, हेरोइन एवं अन्य मादक पदार्थों की बिक्री एवं तस्करी से संबंधित गतिविधियों के लिए किया जा रहा था।
सिंचाई विभाग तथा कोतवाली नानकमत्ता पुलिस द्वारा उक्त अवैध अतिक्रमण का चिन्हीकरण कर नियमानुसार रिपोर्ट सिंचाई विभाग को प्रेषित की गई। सिंचाई विभाग द्वारा संबंधित व्यक्तियों को नोटिस तामील कराते हुए भूमि खाली करने हेतु निर्देशित किया गया। नियमानुसार प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत सिंचाई विभाग द्वारा रिपोर्ट उपजिलाधिकारी खटीमा को प्रेषित की गई, जिसके क्रम में आज अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
आज तहसील प्रशासन, सिंचाई विभाग बरेली, पुलिस बल, पीएसी एवं फायर सर्विस की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था के मध्य बुलडोजर की सहायता से अवैध रूप से निर्मित पक्के मकान को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान एक अवैध धार्मिक संरचना (मजार) को भी हटाया गया। संयुक्त अभियान के दौरान अपराधियों के कब्जे से लगभग 2 एकड़ सरकारी भूमि अतिक्रमण मुक्त कराई गई, जिसका अनुमानित बाजार मूल्य 50 लाख रुपये से अधिक है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here