- धारदार हथियार चले, कुछ घायल- बदरीनाथ हाईवे पर लगाया जाम
चमोली। कर्णप्रयाग में बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर आज सुबह उस समय तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई जब यात्रा पर आए सिख समुदाय के कुछ यात्रियों और स्थानीय लोगों के बीच मामूली बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और घटना ने हिंसक रूप ले लिया। जिसमें कुछ लोगों के घायल होने के समाचार है।
जानकारी के अनुसार विवाद के दौरान कुछ यात्रियों द्वारा धारदार हथियार का इस्तेमाल किए जाने का आरोप है। घटना में एक स्थानीय व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके सिर पर गंभीर चोट आई है। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
वहीं घटना की सूचना फैलते ही स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने पुलिस चौकी के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया और बदरीनाथ हाईवे पर जाम लगा दिया। इसके चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति को बिगड़ता देख प्रशासन ने एहतियातन कई यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोक दिया। क्षेत्र में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारी लगातार स्थानीय लोगों और व्यापारियों से वार्ता कर माहौल को शांत करने का प्रयास कर रहे हैं।
घटना के बाद स्थानीय व्यापार मंडल और नागरिकों ने प्रशासन के समक्ष कई मांगें रखी हैं। धार्मिक यात्राओं के दौरान धारदार हथियारों और अन्य घातक शस्त्रों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए। स्थानीय व्यापारी पर हमला करने वाले आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। यात्रा मार्गों और सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए ताकि कोई भी व्यक्ति हथियार लेकर देवभूमि में प्रवेश न कर सके। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे हुए हैं। प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा घटना में शामिल लोगों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही हाईवे पर यातायात को जल्द सामान्य करने के प्रयास भी जारी हैं।




