जालंधर। पॉश इलाके मॉडल टाउन में आज सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब आम आदमी पार्टी के नेता लक्की ओबेराय की बदमाशों द्वारा दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात गुरुद्वारा साहिब के ठीक बाहर हुई, जहाँ हमलावरों ने ओबेराय को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग की। अचानक हुई इस घटना से इलाके में अफरा—तफरी मच गई और श्रद्धालुओं में दहशत का माहौल पैदा हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हमलावर पहले से ही घात लगाकर बैठे थे और उन्होंने ओबेराय पर उस समय हमला किया जब वह अपनी कार पार्क कर रहे थे। इस हाई—प्रोफाइल मर्डर ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बताया जा रहा है कि ओबेराय अपनी थार गाड़ी से गुरुद्वारे पहुंचे थे। जैसे ही वह अपनी कार पार्क करने लगे, तभी दोपहिया वाहन पर सवार होकर आए हमलावरों ने उन पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने करीब 15 से 16 राउंड फायरिंग की, जिसमें से 5 गोलियां लक्की ओबेराय को लगीं। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदारों ने तुरंत अपने शटर गिरा दिए और लोग जान बचाने के लिए इधर—उधर भागने लगे। लक्की को लहूलुहान हालत में तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। लक्की ओबेराय जालंधर की राजनीति में एक जाना—पहचाना चेहरा थे। वह विशेष रूप से जालंधर कैंट विधानसभा क्षेत्र की इंचार्ज राजविंदर कौर थियाडा के बेहद करीबी माने जाते थे। राजनीतिक सक्रियता की बात करें तो उनकी पत्नी ने भी आम आदमी पार्टी के टिकट पर नगर निगम का चुनाव लड़ा था, हालांकि वह जीत हासिल नहीं कर पाई थीं। वहीं घटना की गंभीरता को देखते हुए पूरे मॉडल टाउन इलाके को पुलिस ने छावनी में तब्दील कर दिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और आसपास के सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान जल्द कर ली जाएगी। इस घटना के बाद से स्थानीय निवासियों और आप कार्यकर्ताओं में भारी रोष है।




