Home News Posts उत्तराखंड कार—बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौत

कार—बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौत

0
55

नैनीताल। कालाढूंगी क्षेत्र में बेलपड़ाव के पास बीती देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार और मोटरसाइकिल के बीच आमने—सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर अस्पताल भिजवाया। पुलिस फरार कार चालक की तलाश के साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार बीती देर रात करीब 9.31 बजे डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि आईआरबी बेलपड़ाव से कुछ पहले कार और मोटरसाइकिल की आमने—सामने टक्कर हो गई है। सूचना मिलते ही संबंधित चौकी और थाने की पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो डियर डोना रिजॉर्ट से करीब 100 मीटर पहले बेलपड़ाव में सड़क किनारे एक कार और डिस्कवर मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हालत में पड़ी मिलीं।
दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार दोनों युवकों की जान चली गई थी। पुलिस ने मृतकों की पहचान कोटाबाग क्षेत्र के धामड़देव निवासी गौरव बजवाल पुत्र पुष्कर बजवाल और गिनती गांव निवासी दर्शन सिंह के रूप में की है। हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। दोनों युवकों की असमय मौत से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस के मुताबिक घटनास्थल पर कार चालक मौजूद नहीं मिला। आशंका है कि हादसे के बाद वह मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रामनगर भिजवाए, जहां आगे की आवश्यक कार्रवाई की गई। चौकी प्रभारी राजवीर सिंह नेगी ने बताया कि फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों की स्थिति और घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है। साथ ही कार चालक की तलाश भी की जा रही है, ताकि दुर्घटना के संबंध में उससे पूछताछ की जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here