- हत्या व चोरी में प्रयुक्त हथोड़ा, पेचकश व चुराया गया सामान बरामद
हरिद्वार। मन्दिर के सेवादार की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने हत्यारोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या की यह वारदात चोरी की घटना को अंजाम देने के लिए नशे में की गयी थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चुराया गया माल भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार बीती 12 अप्रैल को लक्सर के भोगपुर स्थित मंदिर में कार्य करने वाले राजवीर की किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा हत्या कर दी गई। सूचना पर मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस टीम व फील्ड यूनिट टीम ने मौके पर मौजूद वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित किए तथा घटनास्थल का मुआयना किया। मामले के संबंध में कोतवाली लक्सर पर मुकदमा दर्ज किया गया। इसके साथ ही पुलिस को पता चला कि घटनास्थल के पास ही स्थित अन्य मन्दिर से एम्पलीफायर चोरी हुआ है। जिस पर पुलिस ने दोनो मामलों की जांच शुरू कर दी गयी। जांच के दौरान कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने भागने की फिराक में तैयार घटना के एक संभावित संदिग्ध को दबोचकर उसके कब्जे से हथोड़ी, पेचकस व मन्दिर से चोरी किये इन्वर्टर तथा एम्पलिफायर बरामद किए। पूछताछ में उसने अपना नाम विशाल चौधरी पुत्र परविन्दर कुमार निवासी अलमासपुर गली न. 02 कुंज विहार कालोनी थाना नई मंडी जिला मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश बताया। बताया कि वह पेशे से ड्राईवर है और शराब पीने का आदी है। 11 अप्रैल को वह अपने मुज्जफरनगर स्थित किराये के मकान से काम की तलाश में कनखल में ट्रेवल एजेंट के पास आया और शाम को भोगपुर में शिव मन्दिर के निकट रहने वाली अपनी मौसी के घर पर रुका। रात वह शराब के नशे में चोरी छिपे पेचकस और हथोडा लेकर नजदीकी वाले मन्दिर में पहुंचा जहां मन्दिर का ताला तोड़ने के दौरान मन्दिर के बाहर खाट पर सोया बुजुर्ग जाग गया और वह चिल्लाकर आरोपी को पकडने लगा। बचने के गरज से आरोपी ने पहले बुजुर्ग व्यक्ति के सिर पर हथोड़े से वार कर उसे गंभीर रुप से घायल किया और फिर पहले मन्दिर के अन्दर से चढावे के करीब 200 रूपये और एक इनवेटर और फिर बगल वाले मन्दिर से एक एम्पलीफाईर चोरी कर ले गया। आरोपी ने ये भी बताया कि वह इसके बाद चोरी किया सामान वही आस—पास छुपाकर वापस चुपचाप अपनी मौसी के घर जा कर सो गया। सुबह जब चारों तरफ पुलिस की गतिविधिया व सतर्कता को दिखी तो वह डर के मारे बिना चोरी के सामान के सुबह मुजफ्फरनगर चला गया। कल वह उक्त सामान को लेने के लिए आज टांडा भागमल क्षेत्र में आया था जहाँ सामान के साथ पुलिस टीम के हत्थे चढ़ गया। बहरहाल पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।



