- चचेरे भाई पर हत्या की आशंका
देहरादून। ढालीपुर के जंगल में 12वीं की छात्रा का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गयी। आनन फानन में एसएसपी, एसपी देहात, सीओ व विकासनगर कोतवाल पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। युवती के चेहरे व सिर पर चोटों के निशान थे। हत्या में मृतका के चचेरे भाई का हाथ बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज प्रातः ग्रामीण जंगल में लकडियां लेने गये तो वहां पर जंगल के अन्दर एक युवती का शव पडे होने से सनसनी फैल गयी और ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। युवती का शव मिलने की सूचना से पुलिस विभाग में हडकम्प मच गया। आनन फानन में एसएसपी अजय सिंह, एसपी देहात पंकज गैरोला, विकासनगर कोतवाल पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। मृतका के चेहरे व सिर पर चोटों के निशान मिले। जिसके बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया तो मृतका की पहचान ढालीपुर निवासी आनन्द सिंह की पुत्री मनीषा के रूप में हुई। मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे और उन्होंने बताया कि मृतका 12वीं कक्षा की छात्रा थी। पुलिस को शव के पास एक मोटरसाईकिल भी बरामद हुई। पुलिस ने ग्रामीणों व उसके परिजनों से पूछताछ की तो पता चला कि गत दिवस मृतका अपने चचेरे भाई सुरेन्द्र के साथ घर से निकली थी। लेकिन उसके चचेरे भाई का कुछ पता नहीं चला और उसकी मोटरसाईकिल भी मौके पर ही पडी मिली। पुलिस ने जांच की तो पता चला कि मृतका बोक्सा जनजाति की थी। तथा उसके चचेरा भाई सुरेन्द्र (30) साल का है तथा जोकि अविवाहित है। जांच में यह बात भी सामने आयी कि सुरेन्द्र के परिवार की एक महिला के साथ नाजायज सम्बन्ध थे। आसपास के लोगों का मानना है कि इन अवैध सम्बन्धों के चलते कहीं इस हत्याकाण्ड को अंजाम दिया हो सकता है। क्योंकि मृतका ने कहीं सुरेन्द्र व उक्त महिला को आपत्तिजनक हालत में देख लिया होगा जिसके चलते उसकी हत्या की गयी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज हत्यारोपी की तलाश शुरू कर दी है।




