हरियाणा। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम 15वीं बार फिर पेरोल पर बाहर आ गया है। न्यायालय द्वारा राम रहीम को 40 दिन की पैरोल दी गई है। आज सुबह लगभग पौने बाहर बजे राम रहीम को रोहतक सुनारिया जेल से बाहर लाया गया और उसे कड़ी सुरक्षा के बीच सिरसा डेरे के लिए रवाना किया गया।
वहीं राम रहीम के जेल से बाहर आने और सिरसा डेरे में रुकने की सूचना मिलते ही उसके समर्थकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है, हालांकि राम रहीम ने अपने अनुयायियों से अपील की है कि वे डेरे पर भीड़ न लगाएं। हालांकि अभी यह जानकारी नहीं मिली है कि पैरोल मंजूर करते हुए जेल प्रशासन ने राम रहीम के लिए क्या दिशा—निर्देश तय किए हैं। इससे पहले जब राम रहीम को जेल से छुटृी दी गई है तो उस पर कुछ शर्तें तय की जाती रहीं हैं।
विदित हो कि बीते वर्ष 5 अगस्त को 40 दिन की पैरोल पर राम रहीम सुनारिया जेल से बाहर आया था तो तब भी वह पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच अपने सिरसा डेरे के लिए ही रवाना हुआ था। वहीं जब दिल्ली विधानसभा चुनाव से ठीक पहले जनवरी 2025 में राम रहीम को 30 दिन की पैरोल मिली थी। तब इस दौरान भी वह सिरसा डेरे में ही जाकर रहा था। जबकि इससे पहले वह जेल से बाहर आने पर उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बरनावा आश्रम के लिए जाता रहा है और यहीं जेल से आजादी के अपने दिन काटे हैं। फिलहाल अब यह चौथा मौका होगा जब जेल से बाहर आन के बाद राम रहीम सिरसा स्थित अपने डेरे में रुक रहा है।
वहीं पिछले 5 सालों में राम रहीम को कहीं फरलो तो कहीं पैरोल मिलती ही जा रही है। अब एक बार फिर से राम रहीम को जेल से बाहर निकालने पर विरोध देखा जा रहा है। लोग राम रहीम को जेल से बाहर करने पर हरियाणा सरकार पर सवाल उठा रहे हैं। लोगों का कहना है कि, हरियाणा सरकार आखिर राम रहीम पर इतनी मेहरबान क्यों हो रही है कि बार—बार उसे जेल से बाहर आने की छूट दी जा रही है। ऐसा लगता है जैसे राम रहीम के लिए जेल मनोरंजन हो गई हो।
कब—कब जेल से बाहर आया राम रहीम?
हरियाणा। डेरा चीफ राम रहीम 2017 से रोहतक सुनारिया जेल में बंद है। राम रहीम को सबसे पहले 24 अक्टूबर 2020 में एक दिन की पैरोल मिली और फिर 21 मई 2021 में 48 घंटे की पैरोल मिली। इसके बाद 7 फरवरी 2022 में राम रहीम को पहली बार 21 दिन की फरलो पर जेल से बाहर किया गया। इसके बाद 17 जून 2022 में 30 दिन की पैरोल, 14 अक्टूबर 2022 में 40 दिन की पैरोल, 21 जनवरी 2023 में 40 दिन की पैरोल, 30 जुलाई 2023 में 30 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर आया।
इसी प्रकार 21 नवंबर 2023 में 21 दिन की फरलो, 19 जनवरी 2024 में 50 दिन की पैरोल और अब 13 अगस्त 2024 में 21 दिन की फरलो पर राम रहीम जेल से बाहर आया। वहीं हरियाणा विधानसभा चुनाव से ठीक पहले 2 अक्टूबर 2024 को राम रहीम को 20 दिन की पैरोल मिली। इसके बाद दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले 28 जनवरी 2025 को 30 दिन की पैरोल मिली। इसके बाद 9 अप्रैल 2025 को 21 दिन की फरलो पर राम रहीम जेल से बाहर आया, इसके बाद 5 अगस्त को 40 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर आया। वहीं अब 15वीं बार आज 5 जनवरी 2026 को जेल से बाहर आया है।




