- हर मंगलवार लगाये जायेंगें 50 पौधेः आबकारी आयुक्त
देहरादून। हरेला पर्व के उपलक्ष्य में इस वर्ष आबकारी विभाग ने एक सराहनीय पहल की है। आबकारी विभाग 1 जुलाई से 16 जुलाई तक वृक्षारोपण अभियान चलाएगा। इस दौरान प्रत्येक मंगलवार को जनपद स्तर पर जिला आबकारी अधिकारी के निर्देशन में समस्त आबकारी निरीक्षक व कर्मचारी मिलकर पौधारोपण करेंगे।
पर्यावरण को समर्पित हरेला पर्व पर चलाये जा रहे इस अभियान के अंतर्गत हर मंगलवार को कम से कम 50 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। पौधारोपण का स्थान जिला आबकारी कार्यालय में यदि पर्याप्त स्थान उपलब्ध है तो वहीं या फिर निकटवर्ती उपयुक्त स्थल को चिन्हित कर किया जाएगा। यह पहल केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं होगी, बल्कि इन पौधों के संरक्षण और देखरेख की भी जिम्मेदारी तय की जाएगी ताकि वे फल—फूल सकें और पर्यावरण को दीर्घकालीन लाभ मिल सके। विभाग का मानना है कि मानसून के इस मौसम में पेड़—पौधे के जीवित रहने और अच्छे से बढ़ने की संभावना अधिक होती है, जिससे इस अभियान के सफल होने की उम्मीद काफी मजबूत है। हरेला पर्व के दिन यानी 16 जुलाई को विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें अधोहस्ताक्षरी अधिकारी की उपस्थिति में एक बड़े स्तर पर पौधे रोपे जाएंगे। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को उपयुक्त स्थानों के चिन्हांकन का निर्देश आबकारी आयुक्त अनुराधा पाल द्वारा दे दिये गये है।




