Home News Posts उत्तराखंड अलकनंदा में दूसरे दिन भी चला रेस्क्यू अभियान

अलकनंदा में दूसरे दिन भी चला रेस्क्यू अभियान

0
581

  • रेस्क्यू अभियान के दौरान आज एक शव बरामद, अन्य की तलाश जारी

रूद्रप्रयाग। अलकनंदा नदी में बीते रोज हुई बस दुर्घटना के दौरान लापता नौ लोगोंं की खोज में रेस्क्यू अभियान आज दूसरे दिन भी जारी रहा। आज हुए रेस्क्यू अभियान के दौरान राजस्थान निवासी एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया है। जिसको कब्जे में लेकर पुलिस ने अग्रिम कार्यवाही शुरू कर दी है।
बता दें कि ऋषिकेश—बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बीती सुबह घोलतीर के पास यात्रियों से भरी एक बस खाई में गिरकर अलकनंदा नदी में समा गयी। हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गयी जबकि आठ घायल है जिनमे से चार का ऋषिकेश एम्स में उपचार जारी है। वहीं वाहन सहित नौ लोग लापता है। जिनकी तलाश में आज भी सर्च आप्रेशन जारी है। बताया जा रहा है कि उनमें से एक व्यक्ति का शव आज चलाये गये रेस्क्यू अभियान के दौरान बरामद हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार बस दुर्घटना में लापता चल रहे 9 व्यक्तियों की ढूंढ़खोज के लिये आज प्रातःकाल से ही प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति एवं निगरानी में जिला पुलिस, फायर सर्विस, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ व जल पुलिस के स्तर से संयुक्त रुप से रेस्क्यू अभियान प्रारम्भ किया गया है। दुर्घटनास्थल से लेकर श्रीनगर तक के क्षेत्र में विभिन्न प्वाइन्टों पर वॉचरों की नियुक्ति सहित अलकनन्दा नदी में बोट व सोनार की मदद से ढूंढ—खोज अभियान चलाया जा रहा है। लगातार चलाये जा रहे इस सर्च व रेस्क्यू अभियान के दौरान अब तक रेस्क्यू टीमों को रतूड़ा क्षेत्रान्तर्गत नदी किनारे एक शव बरामद हुआ है। उक्त शव को सड़क पर लाकर शव वाहन की मदद से जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भिजवाया गया है। एसपी रुद्रप्रयाग अक्षय प्रहलाद कोंडे ने बताया कि आज रेस्क्यू के दौरान मिले शव की पहचान संजय सोनी, निवासी उदयपुर, शास्त्री सर्किल राजस्थान, (उम्र 55 वर्ष) के रूप में हुई है, जिनका पंचायतनामा व पोस्टमार्टम की कार्यवाही के उपरान्त शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया जायेगा। साथ ही शेष 8 मिसिंग रह गये व्यक्तियों की तलाश किये जाने हेतु सर्च एवं रेस्क्यू अभियान निरन्तर जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here