- दो डॉक्टर व पायलट बाल—बाल बचे
- बीमार महिला को लेने गए थे केदार धाम
देहरादून। चार धाम यात्रा मार्गों पर हेली दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। केदार धाम में आज ऋषिकेश एम्स द्वारा संचालित होने वाली हेली एंबुलेंस सेवा में प्रयुक्त होने वाला हेलीकॉप्टर दुर्घटना का शिकार हो गया। गनीमत रही कि उसमें सवार दो डॉक्टर और पायलट बाल—बाल बच गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ऋषिकेश एम्स को एक महिला यात्री के स्वास्थ्य खराब होने की खबर केदारनाथ धाम से मिली थी। महिला की हालत गंभीर होने की सूचना पर आज दोपहर एम्स से संचालित होने वाली हेली सेवा दो डॉक्टरों को लेकर केदारनाथ के लिए रवाना हुई थी। यह हेली एंबुलेंस लगभग 12 बजे केदारधाम पहुंचने वाली थी कि हेलीपैड पर पहुंचने से कुछ ही मिनट पहले इसमें कोई तकनीकी खराबी आ गई। जिसके कारण इसे हेलीपैड से चंद कदम पहले ही इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी, हेलीकॉप्टर का पीछे का हिस्सा बुरी तरह से मुड़ गया। यह हेलीकॉप्टर किसी तरह जमीन तक तो आ गया लेकिन वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। अच्छी बात यह रही कि हेलीकॉप्टर में सवार एम्स ऋषिकेश के दोनों डॉक्टर और पायलट सुरक्षित बाहर आ गए हेलीकॉप्टर में आग लगने या अधिक ऊंचाई से गिरने पर इस दुर्घटना में किसी की भी जान जा सकती थी लेकिन एक बड़ा हादसा टल गया।
बताया जा रहा है कि पायलट की सूझबूझ से सभी की जान बच गई। हेलीकॉप्टर जिस बीमार महिला यात्री को लेने गया था उसे तो नहीं ला सका लेकिन उसमें सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए हैं। अभी चंद दिन पहले ही उत्तरकाशी के गंगनानी में एक हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई थी। लगातार हो रही दुर्घटनाओं से हेली सेवाओं की फिटनेस जांच पर सवाल उठ रहे हैं। ऋषिकेश एम्स की एयर एंबुलेंस की जर्जर हालत को लेकर पहले भी तमाम सवाल खड़े होते रहे हैं इसके बारे में कहा जाता है कि यह एंबुलेंस जरूरत के समय उड़ान भर पाने के योग्य ही नहीं है अगर यह सच है तो इसका क्या लाभ प्रदेश के लोगों को व चार धाम यात्रियों को हो सकता है। राहुल चौबे का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच कराई जाएगी जांच जब होगी तब होगी लेकिन एम्स की यह एंबुलेंस दुर्घटना के बाद चलन से बाहर हो गई है तथा यह सुविधा भी समाप्त हो गई है। जब यह हेली एंबुलेंस सेवा शुरू हुई थी तो पहले ही दिन यह उड़ान नहीं भर सकी थी तभी से इस सेवा पर सवाल उठ रहे थे।




