मुंबई। भारत-पाकिस्तान टेंशन के बीच मुंबई को बम से उड़ाने की धमकी भरा मेल मिला है। ये धमकी भरा मेल मुंबई पुलिस को भेजा गया है। गुमनाम ईमेल एड्रेस से मुंबई को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस हाई अलर्ट पर है। मुंबई पुलिस को भेजे गए इस मेल में महाराष्ट्र की राजधानी को बम से उड़ाने की धमकी देते हुए लिखा गया है “आज या कल या दो दिनों में” एक बड़ा विस्फोट हो सकता है। इस धमकी भरे मेल में संभावित विस्फोट का सटीक समय और स्थान का जिक्र नहीं किया गया है इसलिए पुलिस ने मुंबई के हर इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस के ईमेल एड्रेस पर धमकी भरा मेल मिलने के बाद मुंबई की साइबर टीम ईमेल के आईपी एड्रेस का पता लगाने में जुट चुकी है। ताकि ईमेल भेजने वाले की पहचान जल्द से जल्द करके उसे पकड़ा जा सके।
यह पहली बार नहीं है जब मुंबई पुलिस को इस तरह की धमकियों से भरा ईमेल मिला है। इससे पहले हाई प्रोफाइल लोगों के आवास और मुंबई के अन्य स्थानों को बम से उड़ाने के धमकी भरे मेल मिल चुके हैं। हालांकि सभी धमकियां झूठी साबित हुई थी। इसके बावजूद हर बार की तरह इस बार भी इस धमकी भरे मेल को पुलिस गंभीरता से ले रही है। नियंत्रण कक्ष को तुरंत धमकी के बारे में सूचित किया गया, जिससे जाँच शुरू होते ही पूरे शहर में अलर्ट हो गया। इससे पहले मई में, एक फ़ोन कॉल के ज़रिए ऐसी ही धमकी दी गई थी जिसमें दावा किया गया था कि अंधेरी ईस्ट के एक फ़्लैट में बम रखा गया है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की, लेकिन पता चला कि यह कॉल मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति द्वारा की गई झूठी सूचना थी, जिसके कारण गिरफ़्तारी न करने का फ़ैसला किया गया।




