June 22, 2026देहरादून। टीईटी के विरोध में प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले शिक्षकों ने विशाल प्रदर्शन करते हुए सचिवालय कूच किया। जिनको सचिवालय के पास ही बैरकेडिंग लगाकर रोक दिया गया। जिसके बाद जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया गया।आज यहां उत्तराखण्ड प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले सैकडों की संख्या में प्रदेश भर से आये शिक्षक परेड ग्राउंड में एकत्रित हुए। जहां से उन्होंने जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह रावत के नेतृत्व में सचिवालय के लिए कूच किया। परेड ग्राउंड से कनक चौक, औरियन्ट चौक होते हुए राजपुर रोड, घंटाघर चौक से होते हुए सचिवालय के पास पहुंचे जहां पर पुलिस ने बैरकेडिंग लगाकर उनको रोक दिया। इस दौरान राजपुर रोड पर जाम लग गया और लोगों को घंटो जाम में फंसना पडा। बैरकेडिंग पर रोके जाने पर सभी शिक्षक वहीं धरने पर बैठ गये। उनकी मांग थी कि टीईटी परीक्षा को निरस्त किया जाये तथा शिक्षा के अधिकार पर कुठाराघात बंद किया जाये।उनका कहना था कि शिक्षकों का शोषण बंद किया जाये तथा पुरानी पेंशन योजना को बहाल किया जाये। उनका कहना था कि नियमितीकरण और स्थायी शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ किया जाये तथा टीईटी परीक्षा को निरस्त किया जाये। इस दौरान वह वहीं धरने पर बैठे रहे। इस दौरान उनकी पुलिस ने हल्की नोंक झोंक हुई। जिसके बाद जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया गया।उत्तराखण्ड प्राथमिक शिक्षक संघ की रैली के दौरान उनकी भारी संख्या में मौजूदगी से देहरादून की समस्त सड़कों पर जाम लग गया। रैली जब घंटाघर से राजपुर रोड की ओर बढ़ने लगी तो चकराता रोड, राजपुर रोड, दर्शनलाल चौक सहित कई रोड पर लोग जाम से परेशान देखे गये। जिनका कहना था कि दून में होने वाले धरना प्रदर्शनों के कारण आम आदमी को इससे परेशानी होती है।
June 22, 2026देहरादून। भूमाफियाओं के खिलाफ कांग्रेस ने सचिवालय कूच के दौरान जोरदार प्रदर्शन किया। जिसके बाद पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर पुलिस लाईन भेज दिया।आज यहां कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता व पदाधिकारी कांग्रेस मुख्यालय पर एकत्रित हुए। जहां से कांग्रेसी कार्यकर्ता ने भूमाफियाओं व सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सचिवालय के लिए कूच किया। जब वह कांग्रेस मुख्यालय से राजपुर रोड होते हुए सचिवालय के करीब पहुंचे तो पुलिस ने बैरकेडिंग लगाकर उनको वहीं रोक दिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं व पुलिस के बीच तीखी नोंक झोंक हुई। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरकेडिंग पर चढकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस मूक दर्शक बनी खडी रही। कांग्रेस नेताओं का आरोप था कि प्रदेश की भाजपा सरकार भ्रष्टाचार में डुबी हुई है। अभी तक कोई भी सरकार इस कदर भ्रष्टाचार में नहीं डुबी रही जितनी धामी सरकार भ्रष्टाचार में डुबी हुई है। उनका आरोप था कि हरिद्वार में जमीनी घोटाले में दो अधिकारियों पर कार्रवाई करने का सरकार ने मात्र नाटक किया। अगर सरकार को भ्रष्टाचार पर कार्यवाही करनी थी तो उस नेता का नाम उजागर क्यों नहीं कर रहे हैं जिसके इशारे पर दोनो अधिकारी जमीनी विवादों में घिरे हुए थे। उन्होंने बताया कि इस मामले में हरिद्वार का जिलाधिकारी जिसे बनाया था वह कभी इस पद पर नहीं रहा। उनका आरोप था कि हाल ही में कुम्भ आने वाला है और कुम्भ के लिए एक ऐसे अधिकारी को डेपुटेशन पर बुलाया जा रहा है जो रिटार्यमेंट के करीब है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में एक सौ जमीनों से सम्बन्धित भ्रष्टाचार के मामले हैं लेकिन सरकार उसपर आंख मूंदे बैठी है।उन्होंने साफ आरोप लगाया कि प्रदेश की धामी सरकार के साये में भ्रष्टाचारी फल फूल रहे हैं और भ्रष्टाचार निरंतर बढ रहा है जिसके लिए साफ तौर पर धामी सरकार ही पूरी तरह से जिम्मेदार है। उन्होंने इस दौरान मुख्यमंत्री से इस्तीफे की भी मांग रखी। काफी देर तक प्रदर्शन के बाद पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं व पुलिस के बीच काफी नोंक झोंक हुई। पुलिस सभी को गिरफ्तार कर पुलिस लाईन ले गयी।
June 22, 2026गुरूद्वारे में अब अंदर चार निहंग ही मौजूद, भारी पुलिस बल तैनात कर्णप्रयाग। नगरासू गुरुद्वारे की तीसरी मंजिल पर डटे निहंगों में से दो और निहंग नीचे उतर आए हैं। नीचे उतरे दो निहंगों में से एक की पहचान परमवीर सिंह (33 वर्ष), निवासी ग्राम मलकपुर, जिला रूपनगर (रूपड़), पंजाब और दूसरे की जगनदीप के रूप में हुई है। एक निहंग कल ही उतर गया है। तीन निहंगों के उतरने के बाद अब गुरुद्वारे के अंदर चार निहंग मौजूद हैं।बता दें कि नगरासू गुरुद्वारे में शनिवार शाम से शुरू हुआ हाई वोल्टेज ड्रामा रविवार शाम करीब 27 घंटे बाद कुछ हद तक शांत हुआ था। इस दौरान जिला प्रशासन और निहंगों के बीच तीन दौर की वार्ता हुई, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका। निहंग कर्णप्रयाग प्रकरण में गिरफ्तार लोगों की रिहाई की मांग पर अड़े हुए थे। बीती शाम प्रशासन की ओर से दोबारा बातचीत किए जाने के बाद बंधक बनाए गए सेवादार नवतेज सिंह को भी रिहा कर दिया गया था। इसके अलावा एक निहंग भी नीचे उतर आए।मिली जानकारी के अनुसार आज निहंग परमवीर सिंह और जगनदीप के नीचे आने के बाद गुरुद्वारे के भीतर मौजूद निहंगों की संख्या घटकर चार रह गई है। प्रशासन लगातार अंदर मौजूद निहंगों से बातचीत कर रहा है। बीती शाम से ही गुरुद्वारे में श्रद्धालुओं की आवाजाही और अरदास दोबारा शुरू हो गई थी। पुलिस प्रशासन ने पूरे मामले को आपसी विवाद के चलते बिगड़ी स्थिति बताया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार सात निहंग गुरुद्वारे की तीसरी मंजिल पर चढ़ गए थे और उन्होंने गुरुद्वारे के सेवादार समेत दो लोगों को अपने कब्जे में ले लिया था।स्थिति को नियंत्रित करने के लिए गुरुद्वारा परिसर और आसपास के क्षेत्र में पुलिस, आईटीबीपी, एटीएस तथा अन्य सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी। प्रशासन का प्रयास है कि शेष चार निहंगों को भी शांतिपूर्वक नीचे उतारकर विवाद का समाधान निकाला जाए।
June 22, 2026अल्मोड़ा में मुख्यमंत्री धामी को काले झंडे, गो बैक के नारों से गरमाई सूबे की सियासत युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान किया विरोध प्रदर्शन, कई हिरासत में कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक अधिकार बताया, भाजपा ने कहाकृविकास विरोधी राजनीति देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अल्मोड़ा दौरे के दौरान उस समय राजनीतिक माहौल गरमा गया, जब युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने उन्हें काले झंडे दिखाते हुए गो बैक के नारे लगाए। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने बैरिकेडिंग पर ही रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई और कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर बाद में छोड़ दिया गया।मुख्यमंत्री धामी अल्मोड़ा में विभिन्न विकास योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के साथ-साथ जनसभा को संबोधित करने पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही, लेकिन युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए बेरोजगारी, पेपर लीक, बढ़ती महंगाई और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध दर्ज कराया। युवा कांग्रेस नेताओं का कहना था कि प्रदेश का युवा रोजगार, पारदर्शी भर्ती और बेहतर शिक्षा व्यवस्था की मांग कर रहा है, लेकिन सरकार इन मुद्दों पर गंभीर नहीं दिख रही। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि बार-बार भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों पर सरकार जवाबदेही से बच रही है। उनका कहना था कि मुख्यमंत्री के समक्ष लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने का प्रयास किया गया।दूसरी ओर भाजपा ने कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को राजनीतिक नौटंकी करार दिया। भाजपा नेताओं का कहना है कि मुख्यमंत्री धामी प्रदेश में रिकॉर्ड विकास कार्यों को गति दे रहे हैं और कांग्रेस जनता के बीच अपनी घटती राजनीतिक जमीन को बचाने के लिए केवल विरोध की राजनीति कर रही है। भाजपा का दावा है कि प्रदेश में निवेश, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यटन के क्षेत्र में लगातार काम हो रहा है, जिससे कांग्रेस असहज है।पुलिस प्रशासन ने पूरे घटनाक्रम के दौरान स्थिति को नियंत्रण में रखा। अधिकारियों के अनुसार प्रदर्शन की सूचना पहले से थी, इसलिए सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए प्रदर्शनकारियों को कार्यक्रम स्थल से पहले ही रोक दिया गया। प्रशासन ने कहा कि कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रही और मुख्यमंत्री के सभी निर्धारित कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुए।अल्मोड़ा की घटना ऐसे समय हुई है जब उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारियां धीरे-धीरे तेज होने लगी हैं। विपक्ष लगातार बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं, महंगाई और युवाओं के मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की कोशिश कर रहा है। वहीं भाजपा विकास कार्यों और मजबूत नेतृत्व को चुनावी मुद्दा बनाने में जुटी है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि चुनाव से पहले मुख्यमंत्री के हर दौरे पर विपक्ष इस तरह के प्रतीकात्मक विरोध के जरिए सरकार को घेरने का प्रयास करेगा। दूसरी ओर भाजपा ऐसे प्रदर्शनों को विकास विरोधी बताकर जनता के बीच अपना पक्ष मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।अल्मोड़ा के स्थानीय लोगों का कहना है कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन विरोध शांतिपूर्ण होना चाहिए। आम लोगों की अपेक्षा है कि राजनीतिक दल आरोप-प्रत्यारोप से आगे बढ़कर रोजगार, पलायन, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे जमीनी मुद्दों पर ठोस समाधान प्रस्तुत करें।
June 22, 2026हरिद्वार। बाइक चोर गिरोह का भंंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने दो शातिरोंं को गिरफ्तार कर लिया है। जिनके कब्जे से चुरायी गयी 6 बाइक बरामद की गयी है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने बताया कि बीती 21 जून को थाना पथरी में मोटरसाइकिल चोरी के संबंध में दो मुकदमें दर्ज किये गये थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार द्वारा थानाध्यक्ष पथरी को चोरी गई मोटरसाइकिलों की शीघ्र बरामदगी एवं आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। निर्देशों के अनुपालन में गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के क्षेत्रों में गहन जांच की तथा डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसी क्रम में बीती शाम एक सूचना के आधार पर पुलिस ने घुण्टी चौक जाने वाले मार्ग से दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को स्वीकार किया। हिरासत में लिये गये संदिग्धों की निशानदेही पर विभिन्न स्थानों से 6 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। बरामद वाहनों के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। गिरफ्तार किये गये दोनो आरोपियों के नाम सुधांशु पुत्र पवन निवासी ग्राम धनपुरा, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार व मनीत पुत्र श्याम सिंह निवासी ग्राम धनपुरा, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार बताया जा रहा है।
June 22, 2026देहरादून। 25 लाख की साइबर धोखाधड़ी मामले का खुलासा करते हुए एसटीएफ की साइबर क्राइम पुलिस द्वारा दो लोगो को पश्चिमी बंगाल से गिरफ्तार कर लिया है। जिनके कब्जे से विभिन्न बैंकों के 13 डेबिट कार्ड, पासबुक, चेकबुक, बैंक खाता खोलने के फॉर्म, सिम कार्ड एवं 3 मोबाइल बरामद किए गए है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि देहरादून के निवासी द्वारा साइबर ठगी के सम्बन्ध में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में शिकायत दर्ज करायी गयी। बताया था कि अज्ञात साइबर ठगों द्वारा उनका मोबाइल फोन हैक कर उनकी ई—मेल आईडी एवं मोबाइल नम्बर परिवर्तित कर उनकी कम्पनी के बैंक खाते से लगभग 24.95 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गयी है। शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी। मामले में साईबर क्राईम पुलिस द्वारा घटना में प्रयुक्त बैंक खातों/ रजिस्टर्ड मोबाइल नम्बरों की जानकारी हेतु सम्बन्धित बैंकों, सर्विस प्रदाता कम्पनियों, मेटा आदि से पत्राचार कर डेटा प्राप्त किया गया। प्राप्त डेटा के विश्लेषण से आरोपियों को चिन्ह्ति करते हुये बीतीदिनांक 14 जून को निरीक्षक आशीष गुसांई के नेतृत्व में एक पुलिस टीम पश्चिम बंगाल रवाना की गयी। पुलिस टीम द्वारा बीती 18 जून को एक सूचना के आधार पर रानाघाट पश्चिम बंगाल से उक्त घटना में संलिप्त दो आरोपियों तपन बिस्वास (उम्र 45 वर्ष) एवं उत्तम कुमार दास (उम्र 38 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया।पूछताछ में दोनों आरोपियोंं द्वारा साइबर ठगों को बैंक खाते, एटीएम कार्ड एवं सिम कार्ड उपलब्ध कराने तथा इसके बदले आर्थिक लाभ प्राप्त करने की बात स्वीकार की गई। आरोपियोंं द्वारा विभिन्न व्यक्तियों के बैंक खाते खुलवाकर उनके एटीएम कार्ड, सिम कार्ड एवं बैंकिंग विवरण साइबर ठगों को उपलब्ध कराना, जिसमे आरोपी उत्तम कुमार दास द्वारा भी अपने नाम से कई बैंक खाते खुलवाकर उनके डेबिट कार्ड एवं सिम कार्ड साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराना स्वीकार किया गया। जांच में पाया गया कि आरोपी तपन बिस्वास द्वारा संदिग्ध बैंक खाते का संचालन कर साइबर ठगी की धनराशि के लेनदेन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा रही थी। जबकि आरोपी उत्तम कुमार दास के बैंक खाते में वादी की ठगी गई धनराशि की दूसरी लेयर में ट्रांसफर होने के साक्ष्य प्राप्त हुए हैं।