- पीएम मोदी ने रखी सक्षम वह समृद्ध भारत की नीव : धामी
- सिंदूर से विश्व भर में बजा भारत के शौर्य का डंका
- 11 साल में बदली सरकार और समाज की सूरत
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने अपने कार्यकाल के 11 साल पूरे कर लिए हैं। सूबे के सीएम पुष्कर सिंह धामी का कहना है कि मोदी के शासन के इन 11 सालों में सक्षम भारत और समृद्ध भारत की नींव रखी गई है। भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है तथा ऑपरेशन सिंदूर से भारत के शौर्य का डंका पूरे विश्व में बज रहा है। आत्मनिर्भरता की लंबी छलांग लगाते हुए अब देश विकसित राष्ट्र की ओर बढ़ चुका है।
उल्लेखनीय है कि केंद्र की मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा पूरे देश में संकल्प से सिद्धि के 11 साल के उपलब्धियों के कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं जो एक माह तक चलने हैं। इसकी शुरुआत उत्तराखंड में सीएम धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भटृ द्वारा एक पत्रकार वार्ता से की गई। इस अवसर पर महेंद्र भटृ ने बताया कि आज से हर रोज सभी जिलो में जन सम्मेलन भी आयोजित किए जाएंगे। जिससे सरकार की 11 सालों की उपलब्धियों को जन—जन तक पहुंचाया जा सके। इसको तीन स्तरों पर बांटा गया है। पहला है, विकसित भारत की परिकल्पना, दूसरा होगा संकल्प से सिद्धि तक तथा तीसरा होगा सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास। सरकार के कार्यों को दर्शाने के लिए प्रदर्शनियों का आयोजन भी किया जा रहा है।
इस अवसर पर बोलते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आपने 2014 से पहले का भारत देखा होगा और आज का भारत भी आप देख रहे हैं। इसका फर्क भी आपको साफ दिख रहा होगा पहले घपल— घोटालों और तुष्टीकरण पर चिंतन व चर्चा होती थी अब विकास और नवाचार के साथ आविष्कार पर चर्चा होती है। 11 साल में सरकार ने गरीबों के उत्थान के सैकड़ो कार्यक्रम चलाए हैं। गरीबों को मुफ्त इलाज से लेकर उनके रहने को घर और स्वरोजगार के लिए आसान किस्तों पर सस्ता कर्ज दिया जा रहा है। 27 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। अब लाभार्थियों को एक रूपया भेजा जाता है तो वह पूरा पैसा उनके खाते में पहुंचता है, 10 पैसा नहीं पहुंचता। देश में एम्स बना रहे हैं और आईआईटी बन रहे हैं। अब नए रेल पथ बना रहे हैं ऑल वेदर और एलिवेटेड रोड बन रहे हैं नए एयरपोर्ट और एयरवेज बन रहे हैं। अब भारत अत्याचार पर चुप नहीं बैठता है घर में घुसकर मारता है। अब हम सिर्फ इंपोर्ट नहीं करते एक्सपोर्ट भी करते हैं। इन 11 सालों में सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पूरी तरह से बदल चुकी है उन्होंने कहा कि अब अपेक्षाओं को धरातल पर उतर जा रहा है।




