महंगाई, बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल

0
452

भाजपा ने किया रसोई पर सर्जिकल स्ट्राइकः कांग्रेस

संवाददाता
देहरादून। देश में बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ आज कांग्रेसी नेताओं ने सीएम आवास कूच किया जिसे परिवर्तन यात्रा का नाम दिया गया। कांग्रेसी नेताओं का कहना है कि अब यह उनकी परिवर्तन यात्रा सरकार को उखाड़ फेंकने तक जारी रहेगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में आज सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने बैलगाड़ी और सिलेंडर के साथ सीएम आवास कूच किया। सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जब यह कांग्रेसी कार्यकर्ता सीएम आवास की ओर जा रहे थे तो पुलिस द्वारा इन्हें बैरिकेडिंग लगाकर हाथीबड़कला में रोक दिया गया। जहां पुलिस से इनकी नोकझोंक भी हुई और वह वहीं सड़क पर धरने पर बैठ गए।
 इस दौरान कांग्रेसी नेता सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि भाजपा ने सत्ता में आने से पहले बड़े—बड़े वायदे किए थे लेकिन आज आम आदमी बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी से भुखमरी के कगार पर पहुंच गया है उन्होंने कहा कि पेट्रोल—डीजल और रसोई गैस के दामों में आग लगी हुई हैं। दाल, तेल, सब्जी के भाव आसमान पर हैं उन्होंने कहा कि यह भाजपा सरकार का आम आदमी की रसोई पर सर्जिकल स्ट्राइक है। उन्होंने सूबे में नेतृत्व परिवर्तन पर प्रहार करते हुए कहा कि सरकार को सीएम बदलने से फुर्सत नहीं है आम आदमी की समस्याओं के लिए उसके पास समय नहीं है। उन्होंने कहा कि उनका पहला मुख्यमंत्री छंटा हुआ था। दूसरा संवैधानिक संकट में फंसा हुआ था अब तीसरा अनुभव के नाम पर शून्य है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि अब उनका आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक राज्य व केंद्र में सत्ता परिवर्तन नहीं होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here