Home News Posts उत्तराखंड गुलदार के हमले में युवती घायल

गुलदार के हमले में युवती घायल

0
115


पिथौरागढ़। उत्तराखंड में मानव—वन्य जीव संघर्ष थमने का नाम नही ले रहा है। ताजा मामला सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में सामने आया है। यहां गुलदार (तेंदुआ) ने एक युवती पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित कुजगाड़ गांव की है। जानकारी के अनुसार 19 वर्षीय मूकबधिर युवती संगीता आज सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच घर के आंगन में शौच के लिए बाहर निकली थी। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे गुलदार ने उस पर अचानक हमला कर दिया। हमले के बाद युवती के छटपटाने की आवाज सुनकर परिजन घर से बाहर दौड़े। लोगों की आवाज और हलचल देख गुलदार घबराकर मौके से जंगल की ओर भाग निकला। घायल युवती को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, युवती के चेहरे पर गहरे घाव हैं और हाथों पर नाखूनों के निशान पाए गए हैं। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है और वह खतरे से बाहर है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन क्षेत्राधिकारी दिनेश जोशी के नेतृत्व में अधिकारियों ने अस्पताल जाकर घायल युवती का हालचाल जाना। वन विभाग ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। वन विभाग ने पीड़ित परिवार को अग्रिम राहत के तौर पर 5 हजार रूपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है। अधिकारियों का कहना है कि आगे की कार्रवाई जारी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here