चावल केवल एक कृषि उत्पाद नहीं, बल्कि भारत की खाद्य सुरक्षा, किसान की आजीविका और करोड़ों लोगों की थाली का आधार है। ऐसे में चावल के निर्यात पर 20 प्रतिशत शुल्क लगाने की केंद्र सरकार की तैयारी ने एक बार फिर कृषि अर्थव्यवस्था और महंगाई नियंत्रण की सरकारी रणनीति को चर्चा में ला दिया है। विडंबना देखिए कि एक तरफ भारत दुनिया के सबसे बड़े चावल निर्यातकों में शामिल है, दूसरी तरफ घरेलू बाजार में कीमतों को नियंत्रित रखने के लिए सरकार निर्यात पर लगाम लगाने का विकल्प तलाश रही है। खबरों के मुताबिक केंद्र सरकार कुछ चुनिंदा किस्मों के चावल के निर्यात पर करीब 20 प्रतिशत शुल्क लगाने पर विचार कर रही है। इनमें 100 प्रतिशत टूटे चावल और कुछ प्रीमियम गैर-बासमती किस्में शामिल हैं। हालांकि अभी यह अंतिम फैसला नहीं है। सरकार विभिन्न मंत्रालयों से विचार-विमर्श कर रही है। सरकार की दलील समझ से परे नहीं है। घरेलू बाजार में चावल की कुछ किस्मों की कीमतें बढ़ रही हैं। पोल्ट्री और पशु आहार उद्योग भी टूटे चावल की बढ़ती कीमतों से प्रभावित हैं। ऐसे में निर्यात पर शुल्क लगाकर घरेलू बाजार में उपलब्धता बढ़ाने की कोशिश की जा रही है। लेकिन सवाल यह है कि क्या निर्यात पर शुल्क लगाना ही महंगाई से लड़ने का सबसे प्रभावी रास्ता है? महंगाई का सबसे अधिक असर उस आम उपभोक्ता पर पड़ता है, जिसकी आमदनी का बड़ा हिस्सा भोजन पर खर्च होता है। चावल की कीमतों में बढ़ोतरी सीधे घरेलू बजट को प्रभावित करती है। अक्टूबर में चावल की महंगाई दर 12.51 प्रतिशत तक पहुंचने की खबर है। ऐसे में सरकार के सामने कीमतों पर नियंत्रण रखने का दबाव स्वाभाविक है। लेकिन महंगाई का समाधान केवल बाजार में आपूर्ति बढ़ाने तक सीमित नहीं हो सकता। उत्पादन, भंडारण, परिवहन, वितरण और बाजार में बिचौलियों की भूमिका भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। यदि पर्याप्त सरकारी भंडार होने के बावजूद बाजार में कीमतें बढ़ रही हैं तो पहले वितरण व्यवस्था की खामियों की पड़ताल होनी चाहिए। भारत का चावल निर्यात कारोबार लाखों किसानों, मिल मालिकों, कारोबारियों और परिवहन क्षेत्र की आजीविका से जुड़ा है। निर्यात पर शुल्क लगाने से भारतीय चावल अंतरराष्ट्रीय बाजार में महंगा हो सकता है। इससे निर्यातकों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता प्रभावित होगी और विदेशी खरीदार थाईलैंड, वियतनाम और म्यांमार जैसे देशों की ओर रुख कर सकते हैं। इसका दूसरा पहलू किसानों से जुड़ा है। यदि निर्यात की मांग कमजोर होती है तो मिलों और व्यापारियों की खरीद प्रभावित हो सकती है। इसका असर अंततः किसानों को मिलने वाले धान के मूल्य पर भी पड़ सकता है। किसान पहले ही मौसम की अनिश्चितता, बढ़ती कृषि लागत, खाद और डीजल की कीमतों तथा बाजार के उतार-चढ़ाव से जूझ रहे हैं। ऐसे में सरकार को यह सुनिश्चित करना होगा कि महंगाई नियंत्रित करने की कोशिश किसानों की आय घटाने का कारण न बन जाए। इस पूरे मामले का सबसे महत्वपूर्ण पहलू सरकारी भंडार है। उपलब्ध रिपोर्ट के मुताबिक एक नवंबर तक भारत के पास चावल और बिना कुटे धान का कुल सरकारी भंडार 5.53 करोड़ मीट्रिक टन था, जो निर्धारित सरकारी लक्ष्य से लगभग चार गुना है। इसके बावजूद चावल की कुछ किस्मों की कीमतों में तेजी सरकार की बाजार प्रबंधन व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। जब देश के पास पर्याप्त खाद्यान्न भंडार है तो सरकार को सबसे पहले यह देखना चाहिए कि बाजार में उसकी उपलब्धता कैसे बढ़ाई जा सकती है। खुले बाजार में बिक्री, सार्वजनिक वितरण प्रणाली को मजबूत करना और जमाखोरी पर प्रभावी नियंत्रण जैसे उपाय भी अपनाए जा सकते हैं। निर्यात शुल्क एक विकल्प हो सकता है, लेकिन उसे एकमात्र समाधान मानना उचित नहीं होगा। भारत की जिम्मेदारी केवल अपने घरेलू बाजार तक सीमित नहीं है। दुनिया के अनेक देश भारतीय चावल पर निर्भर हैं। निर्यात नीति में बार-बार बदलाव से अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारत की विश्वसनीयता प्रभावित हो सकती है। कृषि निर्यात में स्थिरता का अपना महत्व है। विदेशी खरीदार तभी दीर्घकालिक व्यापारिक समझौते करते हैं, जब उन्हें भरोसा हो कि नीतियां अचानक नहीं बदलेंगी। सरकार को यह भी समझना होगा कि हर किस्म के चावल की बाजार स्थिति एक जैसी नहीं होती। टूटे चावल का इस्तेमाल पशु आहार और औद्योगिक जरूरतों में होता है, जबकि प्रीमियम गैर-बासमती चावल का अलग उपभोक्ता वर्ग है। इसलिए सभी किस्मों को एक ही नजरिये से देखना व्यावहारिक नहीं होगा। खाद्य महंगाई पर नियंत्रण सरकार की जिम्मेदारी है। आम आदमी को सस्ता अनाज मिलना चाहिए और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य भी। इन दोनों उद्देश्यों के बीच संतुलन बनाना ही अच्छी आर्थिक नीति की असली परीक्षा है। सरकार को यह बताना होगा कि प्रस्तावित 20 प्रतिशत शुल्क किन किस्मों पर, कितनी अवधि के लिए और किस मूल्यांकन के आधार पर लगाया जाएगा। निर्यात पर शुल्क लगाने से घरेलू आपूर्ति बढ़ सकती है, लेकिन इससे कीमतों में कितनी कमी आएगी, यह सुनिश्चित नहीं है। वहीं निर्यातकों और किसानों पर इसके संभावित प्रभाव को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। अंततः सवाल 20 प्रतिशत शुल्क का नहीं, सरकार की आर्थिक प्राथमिकताओं का है। क्या महंगाई का पूरा बोझ किसानों और निर्यातकों पर डालकर उपभोक्ता को राहत दी जा सकती है? खाद्य सुरक्षा के नाम पर निर्यात को नियंत्रित करना तभी उचित होगा, जब उसका लाभ वास्तव में आम उपभोक्ता तक पहुंचे और किसान की आय पर प्रतिकूल असर न पड़े। चावल की कीमतें थाली से जुड़ी हैं, लेकिन उसकी अर्थव्यवस्था खेत से शुरू होती है। सरकार को थाली और खेत, दोनों की चिंता करनी होगी।





