- दून में गली-गली फल-फूल रहा काला कारोबार, खाद्य सुरक्षा से खिलवाड़ का खेल
- मोबाइल पर आर्डर, घर तक डिलीवरी, पर्दे के पीछे कौन चला रहा है काला कारोबार
- बिना पहचान, बिना निगरानी, बिना जवाबदेही चल रहे ठिकाने की व्यवस्था पर सवाल
देहरादून। राजधानी देहरादून में आनलाइन फूड डिलीवरी का कारोबार तेजी से फैल रहा है। मोबाइल फोन पर एक क्लिक और मनपसंद खाना दरवाजे पर हाजिर। भागदौड़ भरी जिंदगी में यह सुविधा लोगों की जरूरत बन चुकी है, लेकिन इसी सुविधा की आड़ में एक ऐसा कारोबार भी पनप रहा है, जिसकी असल दुनिया उपभोक्ताओं की नजरों से छिपी हुई है। शहर की गलियों, रिहायशी इलाकों और संकरी बस्तियों में आनलाइन खाना तैयार करने और सप्लाई करने वाले कई ठिकानों की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इन ठिकानों की वास्तविक पहचान, रसोई की स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा मानकों और प्रशासनिक निगरानी को लेकर गंभीर पड़ताल की जरूरत है।
आनलाइन फूड डिलीवरी ने खानपान के कारोबार का चेहरा बदल दिया है। अब हर कारोबार के लिए मुख्य सड़क पर दुकान, बड़ा रेस्टोरेंट या आकर्षक बोर्ड होना जरूरी नहीं रह गया है। छोटी-सी जगह से भी आनलाइन आर्डर लेकर खाना तैयार और सप्लाई किया जा सकता है। क्लाउड किचन की अवधारणा ने इस कारोबार को विस्तार दिया है। लेकिन इसी व्यवस्था में यदि नियमों की अनदेखी हो रही है तो उपभोक्ता के लिए यह सुविधा कभी भी स्वास्थ्य संबंधी जोखिम में बदल सकती है। इस कारोबार का सबसे बड़ा सवाल पारदर्शिता का है। ग्राहक मोबाइल एप पर रेस्टोरेंट का नाम, मेन्यू, तस्वीरें और रेटिंग देखकर खाना मंगाता है। लेकिन क्या उसे यह जानकारी होती है कि खाना वास्तव में किस स्थान पर तैयार हो रहा है? क्या उस रसोई का निरीक्षण हुआ है? वहां साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा के मानकों का पालन किया जा रहा है या नहीं? किसी शिकायत की स्थिति में जिम्मेदार व्यक्ति तक पहुंचना कितना आसान है?
एक ही रसोई से अलग-अलग नामों से कई ब्रांड संचालित होने की व्यवस्था भी जांच का विषय है। डिजिटल दुनिया में रेस्टोरेंट का नाम और पहचान बनाना आसान है, लेकिन उस पहचान के पीछे वास्तविक कारोबारी और रसोई की स्थिति की जांच उतनी ही जरूरी है। खाद्य कारोबार के लिए खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के नियम लागू होते हैं। खाद्य कारोबार करने वाले प्रतिष्ठानों के लिए निर्धारित परिस्थितियों में पंजीकरण या लाइसेंस अनिवार्य है। इसके साथ स्वच्छता, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का पालन भी जरूरी है। सवाल यह है कि देहरादून में संचालित आनलाइन किचन और फूड डिलीवरी ठिकानों की नियमित जांच कितनी हो रही है? कितने प्रतिष्ठानों का पंजीकरण है? कितनों के पास वैध लाइसेंस हैं? कितने ठिकानों का निरीक्षण किया गया और अनियमितता मिलने पर क्या कार्रवाई हुई? इन सवालों के जवाब सार्वजनिक होने चाहिए।
आनलाइन खाना मंगाने वाला उपभोक्ता केवल स्वाद नहीं खरीदता, वह खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता और सुरक्षा पर भी भरोसा करता है। लेकिन यदि रसोई में स्वच्छता नहीं है, खाद्य सामग्री के रख-रखाव में लापरवाही है या एक्सपायरी सामग्री का इस्तेमाल हो रहा है तो इस भरोसे की कीमत उपभोक्ता को अपनी सेहत से चुकानी पड़ सकती है। यहां जिम्मेदारी केवल खाना बनाने वाले की नहीं है। आनलाइन प्लेटफार्म की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। प्लेटफार्म पर सूचीबद्ध प्रतिष्ठानों की कारोबारी पहचान, आवश्यक दस्तावेज और शिकायत निवारण की व्यवस्था कितनी प्रभावी है, इसकी भी जांच होनी चाहिए। देहरादून में आनलाइन फूड कारोबार के तेजी से विस्तार के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग, नगर निगम और जिला प्रशासन के बीच समन्वित निगरानी जरूरी है। रिहायशी इलाकों में संचालित व्यावसायिक रसोई की वैधानिक स्थिति, अग्नि सुरक्षा, कचरा निस्तारण और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच होनी चाहिए।
सबसे जरूरी यह है कि प्रशासन केवल शिकायत मिलने का इंतजार न करे। शहर में संचालित क्लाउड किचन और आनलाइन फूड प्रतिष्ठानों का सर्वे कराया जाए। उनके वास्तविक संचालन स्थल, लाइसेंस, पंजीकरण और खाद्य सुरक्षा मानकों की पड़ताल हो। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और उपभोक्ताओं को भी शिकायत दर्ज कराने का प्रभावी माध्यम उपलब्ध कराया जाए। सवाल सीधा है कि जब देहरादून की गलियों में मोबाइल एप के जरिए खाना घर-घर पहुंच रहा है तो क्या प्रशासन को यह पता है कि उन घरों तक पहुंचने वाला खाना किन रसोइयों में, किन परिस्थितियों में और किसकी निगरानी में तैयार हो रहा है? डिजिटल कारोबार की चमक के पीछे यदि खाद्य सुरक्षा के नियम कमजोर पड़ रहे हैं तो यह केवल कारोबार का मामला नहीं, बल्कि लाखों लोगों की सेहत से जुड़ा सवाल है। सुविधा के नाम पर चल रहे इस कारोबार में पारदर्शिता और जवाबदेही तय करना अब जरूरी हो गया है।





