- एक आरोपी गिरफ्तार, दो फरार
देहरादून। शराब पीने से मना करने पर गुस्साये तीन युवकों ने गोली चला दी जिससे दो युवक घायल हो गये जिनको एम्स में भर्ती कराया गया है। वहीं मामले में पुलिस ने तत्काल कार्यवाही करते हुए एक हमलावर को गिरफ्तार कर लिया जबकि उसके दो साथी फरार होने में सफल हो गये। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार थाना ऋषिकेश क्षेत्रांतर्गत अखिलेश्वर कॉलोनी, भटृोवाला (श्यामुपर) में शराब पीने व अभद्रता करने से रोकने को लेकर एक पक्ष को मना करने पर हुए विवाद में बाइक सवार तीन युवकों ने दूसरे पक्ष पर फायरिंग कर दी। जिसमे दो व्यक्ति आंशिक रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया गया है। दोनों घायल पीड़ित खतरे से बाहर हैं।
अखिलेश्वर कॉलोनी, भटृोवाला में स्थानीय निवासी घायल व्यक्ति मनीष पुत्र स्व. दिनेश व्यास निवासी भटृों वाला श्यामपुर थाना ऋषिकेश व जसपाल रावत पुत्र शंभू सिंह रावत का शराब पीने से मना करने की बात को लेकर मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों से विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर बाइक सवार युवकों द्वारा अवैध असलहे से फायरिंग की गई, घटना में नरेश व्यास के हाथ पर गोली लगी है। जबकि जसपाल रावत के पैर को छूती हुई गोली निकल गई। घायलों को तत्काल एम्स चिकित्सालय ले जाया गया जिनका उपचार चल रहा है। घटना को अंजाम देने के बाद दो आरोपी मौके से फरार हो गए तथा एक आरोपी वसीम अख्तर पुत्र महफूज आलम निवासी सीतामढी बिहार को वाहन के साथ मौके से पकड़ा गया। आरोपियों के विरुद्ध कोतवाली ऋषिकेश पर सम्बन्धित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना में फरार 2 अन्य आरोपियों आमिर व अनवर (दोनों निवासी ग्राम इस्लामपुर, बिहार)की गिरफ्तारी हेतु टीमे गठित कर लगातार संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।




