हिमाचल। सड़क दुर्घटना मे आज सुबह एक प्राइवेट बस के खाई में गिर जाने से जहंा ड्राइवर सहित तीन लोगों की मौत हो गयी वहीं 25 यात्री घायल हुए है। सूचना मिलने पर पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार बस के चालक के अलावा दो अन्य की भी मौत हो गई है। बताया कि बस में ड्राइवर—कंडक्टर सहित 42 लोग सवार थे। सभी घायलों को घटनास्थल से सिविल अस्पताल आनी पहुंचा दिया गया है, जहां पर उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल सात व्यक्तियों और 11 लोगों को आईजीएमसी शिमला और रामपुर के लिए रेफर किया गया है। ड्राइवर ने मौके पर ही दम तोड़ा, जबकि दो अन्य ने अस्पताल में अंतिम सांस ली है। जबकि अन्य घायल आनी में उपचार करा रहे है। ज्यादातर घायलों को हल्की चोट आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस करसोग से आनी की तरफ जा रही थी और जो सुबह पौने 11 बजे के करीब हादसे का शिकार हो गई। यह हादसा आनी और शवाड़ के बीच करंथल में पेश आया है। हादसे के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त बस सड़क से करीब 120 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। इसके बाद मौके पर चीख—पुकार मच गयी। वहां से गुजर रहे लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद घायलों को प्राइवेट वाहन और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। स्थानीय प्रशासन द्वारा घायलों को 5—5 हजार की फौरी राहत राशि और मृतक के आश्रितों को 25 हजार रुपए की राहत राशि दी गई है। मृतक की पहचान ड्राइवर दीनानाथ पुत्र भूतेश्वर गांव बाउरी करसोग जिला मंडी, केशव राम पुत्र कांशी राम गांव टिप्पर आनी जिला कुल्लू और गुलशन पुत्र सुरेश कुमार गांव कटोली तहसील आनी कुल्लू के तौर पर हुई है। हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने आनी हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि घायलों के बेहतर उपचार और चिकित्सा सहायता के विभाग को निर्देश दिए गए है। हादसे में घायलों के नाम प्रदीप कुमार, शारदा देवी, संजना, यशपाल, संजय दत्त, धर्मेंद्र, राजेश, टिकम, रोहित, अंकित, कृष्णा देवी, सुनील, शशि ठाकुर, विक्रम, तारा देवी, गरीश कुमार, दुशांत, मोहित, प्रभा देवी, नैना देवी, शांता कुमार, हरीश कुमार, केशव, चिंता देवी, विनोद कुमार, बल दासी, राजेंद्र, आरुषि, रोशन, रविंद्र, मानवी, मेघना, अमिता, हेमा देवी, लोकेंद्र, कृष्णा, निमा नंद, सुशील, अमर सिंह, लकी, सुनील कुमार बताये जा रहे है।