देहरादून। तल्ला अधोईवाला में पारिवारिक संपत्ति और दीवार निर्माण को लेकर हुए विवाद में 26 वर्षीय गौरव की हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, मामले में मामा नितिन कुमार और उसके बेटे रोहित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया, जिसके बाद कलयुगी मामा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया है।
जमीन और संपत्ति के विवाद ने एक बार फिर रिश्तों को खून से रंग दिया। रायपुर थाना क्षेत्र के अधोईवाला में जमीन को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद में एक मामा ने अपने ही भांजे की खुखरी से हमला कर हत्या कर दी। इस खूनी वारदात में भांजे के छोटे भाई और परिवार की एक महिला पर भी जानलेवा हमला किया गया। दीपावली की मिठाई बांटने पहुंचे युवक को शायद अंदाजा भी नहीं था कि परिवार के बीच चल रहा पुराना विवाद इस कदर खूनी रूप ले लेगा।
पुलिस के अनुसार, 28 वर्षीय गौरव अपनी मां, छोटे भाई और बहन के साथ अधोईवाला में अपनी नानी के घर रहता था। वह फोटोग्राफी का काम करता था। बताया गया है कि नानी ने अपना मकान और जमीन गौरव के परिवार के नाम कर दी थी। इसी संपत्ति को लेकर गौरव का अपने मामा नितिन कुमार के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था।
बताया जा रहा है कि सोमवार को गौरव दीपावली की मिठाई देने के लिए अपने छोटे मामा के घर गया था। वहां वह अपने छोटे मामा के बेटे भोली के साथ सड़क पर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान उसका मामा नितिन कुमार कुछ लोगों के साथ वहां पहुंच गया। आरोप है कि नितिन ने गौरव और भोली के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद दोनों को कमरे के अंदर ले जाकर उन पर खुखरी से हमला कर दिया। हमले की जानकारी मिलते ही गौरव का छोटा भाई करण मौके पर पहुंचा और बीच—बचाव करने लगा। आरोप है कि हमलावरों ने उस पर भी हमला कर दिया। इतना ही नहीं, गौरव की छोटी मामी कमला पर भी खुखरी से वार किया गया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा—तफरी मच गई और परिवार के लोग दहशत में आ गए। खुखरी के हमले में गौरव गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी नितिन कुमार और उसके बेटे रोहित को गिरफ्तार कर लिया है।





