उधमसिंहनगर। लोहड़ी की रात पत्थर से सिर कुचलकर की गयी हत्या को खुलासा करते हुए पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। जिनके पास से घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की गयी है। आरोपियों द्वारा शराब के नशे में हुए विवाद के चलते इस घटना को अंंजाम दिया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने बताया कि बीते 16 जनवरी को थाना रुद्रपुर क्षेत्रान्तर्गत फाजिलपुर मैहरोला, गिल रिसोर्ट, रामपुर रोड, रुद्रपुर में एक अज्ञात शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त कराई गई। मृतक की पहचान मलखान सिंह पुत्र स्व. भीम सैन, निवासी वार्ड संख्या 25, प्रीत विहार, थाना रुद्रपुर, जनपद ऊधमसिंह नगर, उम्र लगभग 45 वर्ष के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा पत्थर से सिर कुचलकर हत्या किया जाना प्रकाश में आया। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्यवाही कराई गई तथा घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए। मृतक की पत्नी कोशल्या देवी पत्नी मलखान सिंह, निवासी रम्पुरा वार्ड संख्या 22, थाना रुद्रपुर, की तहरीर के आधार पर पुलिस नेे मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी। जांच के दौरान अमित कोली उर्फ अमिताभ पुत्र स्व. कुन्दन लाल, निवासी वार्ड संख्या 22, रम्पुरा, थाना रुद्रपुर व वीरपाल पुत्र नानकराम, निवासी वार्ड संख्या 22, रम्पुरा, गुरुद्वारा रोड, रुद्रपुर की संदिग्धता प्रकाश में आई। जिन्हे आज पुलिस ने एक सूचना के बाद प्रीत विहार शनि मंदिर के पास, रम्पुरा से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके पास से घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की गयी है। पूछताछ में आरोपियों द्वारा बताया गया कि लोहरी के दिन शराब व नशे के दौरान आपसी विवाद हो गया था। इसी दौरान वीरपाल द्वारा मृतक मलखान सिंह के साथ मारपीट कर डंडे एवं पत्थर से सिर पर वार किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार होकर अपने—अपने घर चले गए थे। बहरहाल पुलिस ने उन्हे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।




