रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड में स्वास्थ्य व्यवस्था किस कदर बेहाल हो चुकी है इसकी बानगी एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्र नगरासू में सामने आयी है। यहंा आधी रात को अस्पताल ले जाई जा रही गर्भवती की एम्बुलेंस रास्ते में ही जवाब दे गई। मजबूरन महिला को उसी बंद गाड़ी में बच्चे को जन्म देना पड़ा।
बताया जा रहा है कि भटगाँव की एक गर्भवती महिला को देर रात प्रसव पीड़ा हुई। परिजनों ने एम्बुलेंस बुलाई और उसे अस्पताल ले जाया जाने लगा। लेकिन शिवनंदी पहुँचते—पहुँचते एम्बुलेंस खराब हो गई। दूसरी एम्बुलेंस आने में करीब एक घंटा लग गया। इस बीच परिजनों और स्थानीय लोगों ने मिलकर एम्बुलेंस में ही महिला को प्रसव करवाया।
ग्रामीणों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब एम्बुलेंस ने बीच रास्ते दम तोड़ा हो। जिले में कुल 12 एम्बुलेंस हैं, जिनमें से केवल 8 चलने लायक है।




