- जनपद के चप्पे—चप्पे पर चला सघन चैकिंग अभियान
टिहरी। दिल्ली में हुए बम धमाके के बाद पुलिस अलर्ट मोड पर आ गयी और जनपद के चप्पे—चप्पे पर सघन चैकिंग अभियान चलाया।
मिली जानकारी के अनुसार गत शाम को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हुए धमाके की अप्रिय घटना के पश्चात जनपद टिहरी गढ़वाल पुलिस द्वारा सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जनपदभर में सघन चैकिंग अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल, के आदेशानुसार एवं अपर पुलिस अधीक्षक तथा सभी क्षेत्राधिकारियों के पर्यवेक्षण में सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि सभी थाना प्रभारी पूर्ण अलर्ट मोड में रहेंगे जनपद के सभी प्रमुख बाजारों, बस अड्डों, धार्मिक स्थलों, होटल—ढाबों, पर्यटक स्थलों, तथा मुख्य प्रवेश मार्गों पर सघन चैकिंग एवं सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। थाना थत्यूड, चंबा, नई टिहरी, मुनिकीरेती, घनसाली, देवप्रयाग, नरेन्द्रनगर, छाम, लंबगांव, कीर्तिनगर कैंपटी सहित समस्त थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों एवं असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। होटल, लॉज एवं धर्मशालाओं में ठहरे बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जनपद वासियों से अपील की है कि संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। साथ ही आमजन से यह भी अनुरोध किया गया है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। टिहरी पुलिस द्वारा यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि आने वाले पर्यटक एवं श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में अपनी यात्रा संपन्न कर सकें। जनपद के सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी सतर्कता और सजगता के साथ 24 घंटे ड्यूटी पर मुस्तैद हैं।




