Home News Posts उत्तराखंड मनसा देवी मंदिर में भगदड़

मनसा देवी मंदिर में भगदड़

0
520
  • छह लोगों की मौत, 30 से अधिक घायल
  • करंट फैलने की अपवाह से मची भगदड़
  • घायलों में कई की हालत गंभीर, एम्स रेफर
  • सीएम धामी ने हादसे पर जताया दुख
  • मृतकों आश्रितों को 2—2 लाख तथा घायलों को 50—50 हजार देने की घोषणा

हरिद्वार। आज सुबह हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में करंट फैलने की अफवाह से भगदड़ मच गई। जिससे छह लोगों की मौत हो गई वहीं 30 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में कुछ की स्थिति गंभीर बताई गई है जिन्हें बेहतर इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश और जौलीग्रांट रेफर किया गया है।
पारा हादसा आज सुबह 9 बजे उस समय हुआ जब बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शनों के लिए मंदिर के प्रवेश द्वार से कुछ पहले सीढ़ियों से ऊपर जा रहे थे। मंदिर के प्रवेश द्वार से कुछ पहले सीढ़ियों पर तार गिरने से करंट फैलने की बात फैलने से श्रद्धालुओं में अफरा तफरी मच गई और सभी अपनी जान की सुरक्षा के लिए इधर—उधर भागने लगे। अधिक भीड़ होने के कारण धक्का मुक्की में कई लोग जमीन पर गिर गए और उन्हें भीड़ कुचलती हुई गुजरने लगी।
जिलाधिकारी और एसएसपी का कहना है कि करंट फैलने की बात अफवाह थी। उनका कहना है कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही वह खुद भी मौके पर पहुंचे तथा घायलों को सीढ़ियों से उतार कर एंबुलेंस के जरिए अस्पताल लाया गया घायलों में से 6 को अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया गया है जबकि कुछ की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। घायलों में से 7—8 लोगों की स्थिति गंभीर बताई गई है। मृतकों व घायलों में कुछ महिलाएं तथा बच्चे भी शामिल हैं तत्काल जिनके बारे में अधिक जानकारी नहीं मिल सकी है।
मनसा देवी मंदिर में मची भगदड़ की सूचना के बाद पुलिस प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें कुछ ही मिनट में दुर्घटना स्थल पर पहुंची क्योंकि मंदिर हर की पैड़ी के नजदीक ही है। भगदड़ की इस सूचना पर मुख्यमंत्री ने दुख जताते हुए कहा है कि यह अत्यंत दुखद है उन्होंने अधिकारियों को बचाव तथा राहत के निर्देश देने के साथ ही मृतक आश्रितों को 2—2 लाख और घायलों को 50—50 हजार रूपये देने की घोषणा की गयी है। उनके खुद घटनास्थल व अस्पताल पहुंचने की बात कही जा रही है। उधर हरिद्वार से सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भी दुर्घटना पर दुख जताते हुए कहा है कि दुर्घटना का कारण क्या रहा इसकी जांच कराई जाएगी।
मृतकोे के नाम आरूष (12) पुत्र पंकज उर्फ प्रवेश निवासी बरेली यूपी, शकल देव (18) पुत्र बेचान निवासी अररिया बिहार, विक्की (18) पुत्र रिक्का राम सैनी निवासी ग्राम विलासपुर रामपुर उत्तर प्रदेश, विपिन सैनी (18) पुत्र रघुवीर सिंह सैनी निवासी काशीपुर उत्तरा खण्ड, वकील पुत्र भरत सिंह निवासी बाराबंकी उत्तर प्रदेश व श्रीमती शान्ति पत्नी रामभरोसे निवासी बदायूं उत्तर प्रदेश बताये जा रहे है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here