Home News Posts उत्तराखंड शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, दस बाइक बरामद

शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, दस बाइक बरामद

0
25

हरिद्वार। वाहन चोरी मामलों का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक शातिर को गिरफ्तार कर लिया है। जिसकी निशानदेही पर चुरायी गयी दस बाइक बरामद हुई है। आरोपी स्मैक के नशे की लत पूरी करने के लिए वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।
कोतवाली बहादराबाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर चोरी की कुल 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें से 5 मोटरसाइकिलें थाना बहादराबाद में पंजीकृत वाहन चोरी के 5 मुकदमों से संबंधित पाई गई हैं। इस कार्रवाई से वाहन चोरी की पांच घटनाओं का सफल अनावरण हुआ है।
जानकारी के अनुसार बीते रोज कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने क्षेत्र में चैकिंग अभियान चलाया हुआ था। इसी दौरान लोहे के पुल के पास गंगनहर की ओर जंगल से आने वाले एक सुनसान कच्चे रास्ते से एक मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए मोटरसाइकिल सवार को रोककर पूछताछ की और आवश्यक जांच के लिए उसे मोटरसाइकिल सहित हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान व्यक्ति ने अपना नाम दीपक पुत्र सुंदर लाल, निवासी ग्राम तेलीवाला रसूलपुर, थाना पिरान कलियर, जनपद हरिद्वार बताया। पुलिस द्वारा मोटरसाइकिल के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे जाने पर वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर पाया। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने स्वीकार किया कि उक्त मोटरसाइकिल उसने आराध्या नर्सिंग होम, बहादराबाद के पास से चोरी की थी। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्मैक के नशे का आदी है और अपनी नशे की लत पूरी करने के लिए मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। चोरी की मोटरसाइकिलों को वह गंगनहर किनारे जंगल में सुनसान स्थान पर झाड़ियों के बीच छिपाकर रखता था, ताकि किसी को उन पर संदेह न हो। आरोपी से गहन पूछताछ एवं उसकी निशानदेही पर पुलिस टीम गंगनहर किनारे जंगल में पहुंची, जहां झाड़ियों में छिपाकर रखी गई 9 अन्य मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here