सिद्धू मूसेवाला की मां ने दिया बेटे को जन्म, पिता ने तस्वीर शेयर कर दी जानकारी

0
319


चंडीगढ़। प्रसिद्ध पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के घर एक बार फिर किलकारी गूंज उठी। उनकी मां चरण कौर ने बेटे को जन्म दिया है। मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने खुद इंस्टाग्राम पर अपने नन्हे बेटे की तस्वीर शेयर करते हुए यह जानकारी दी। बलकौर सिंह ने अपनी पोस्ट में लिखा है, ‘शुभदीप को चाहने वाली लाखों-करोड़ों आत्माओं के आशीर्वाद से, अनंत भगवान ने शुभ के छोटे भाई को हमारी गोद में डाल दिया है। भगवान के आशीर्वाद से परिवार स्वस्थ है और मैं सभी शुभचिंतकों के अपार प्यार के लिए आभारी हूं।’ सिद्धू मूसेवाला का असली नाम शुभदीप सिंह सिद्धू था।
बता दें कि लोकप्रिय पंजाबी गायक मूसेवाला की साल 2022 में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। ऐसे में उनके माता-पिता ने परिवार के वारिस की खातिर आईवीएफ तकनीक के जरिये गर्भधारण का फैसला लिया था। सिद्धू के भाई के जन्म की खबर सामने आते ही मूसेवाला के प्रशंसकों में खुशी की लहर दौड़ गई। खबर लिखे जाने तक सिद्धू के पिता के इस पोस्ट पर करीब 2 लाख लाइक और करीब 3500 से ज्यादा कमेंट आ चुके हैं। गौरतलब है कि 29 मई 2022 को पंजाब के मानसा जिले में मशूहर पंजाबी गायक शुभदीप सिंह सिद्धू उर्फ सिद्धू मूसेवाला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के मुताबिक, सिद्धू मूसेवाला के कत्ल में महिंद्रा बोलेरो और टोयोटा कोरोला दो मॉड्यूल का इस्तेमाल हुआ था। इस हत्या की जिम्मेदारी गोल्डी बरार और लॉरेंस बिश्नोई ने ली थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here