Home News Posts उत्तराखंड वन विभाग में फर्जी दस्तावेजों से नौकरी पाने का आरोप

वन विभाग में फर्जी दस्तावेजों से नौकरी पाने का आरोप

0
12
  • वन दरोगा से लेकर डिप्टी रेंजर तक जांच के घेरे में

देहरादून। उत्तराखंड में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सरकारी नौकरी हासिल करने की शिकायतें अब वन विभाग में भी सामने आने लगी हैं। शिक्षा विभाग के बाद अब वन विभाग में वन दरोगा, वन आरक्षी और डिप्टी रेंजर की नियुक्तियों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विभाग ने सख्ती दिखाते हुए नोटिस जारी करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
वन विभाग में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नौकरी हासिल करने की शिकायतों की फेहरिस्त लगातार लंबी होती जा रही है। विभाग की ओर से एक वन आरक्षी को नोटिस जारी किया जा चुका है, जबकि एक डिप्टी रेंजर के खिलाफ शिकायत मिलने के बाद नोटिस भेजने की तैयारी की जा रही है।
इसके अलावा दो वन दरोगाओं के खिलाफ भी विभाग को शिकायतें मिली हैं। इनमें से एक वन दरोगा के संबंध में हाल ही में हरिद्वार से शिकायत प्राप्त हुई है, जिस पर विभाग जल्द निर्णय ले सकता है। वहीं, एक अन्य वन आरक्षी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के बाद मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
विभाग को मिली शिकायतों में फर्जी जाति प्रमाणपत्र, श्ौक्षिक योग्यता से जुड़े प्रमाणपत्रों में गड़बड़ी और सरकारी नौकरी हासिल करने के लिए गलत शपथपत्र प्रस्तुत करने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। ऐसे में नियुक्ति के दौरान प्रस्तुत किए गए श्ौक्षिक दस्तावेजों के साथ ही आरक्षण का लाभ लेने के लिए लगाए गए प्रमाणपत्रों की प्रामाणिकता पर भी सवाल उठ रहे हैं। वन विभाग के सीसीएफ एचआरडी विभाग इन मामलों को गंभीरता से ले रहा है और कुछ प्रकरणों में नोटिस भी जारी किए गए हैं।
उत्तराखंड में इससे पहले शिक्षा विभाग में फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर नौकरी हासिल करने के कई मामले सामने आ चुके हैं। जांच के बाद कई शिक्षकों को बर्खास्त भी किया गया है। अब वन विभाग में लगातार मिल रही शिकायतों ने नियुक्ति प्रक्रिया और दस्तावेजों के सत्यापन पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। बड़ा सवाल यह है कि नियुक्ति के समय प्रमाणपत्रों का सत्यापन किस स्तर पर किया गया था और यदि जांच में गड़बड़ी की पुष्टि होती है तो इसकी जिम्मेदारी किसकी तय होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here