नई दिल्ली। रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद से दुनिया में तेल संकट की बात कही जा रही है। वहीं भारत के लिए इस आपदा में भी बड़ा अवसर आया है। ताजा खबर यह है कि रूस ने भारत के सामने सस्ते दाम में कच्चा तेल खरीदने का ऑफर दिया है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, रूस ने भारत को तेल की सीधी खरीद पर भारी छूट की पेशकश की है। यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के बाद यूरोपीय और पश्चिमी देशों ने कड़े प्रतिबंध लगाए हैं और कच्चा तेल खरीदना बंद कर दिया है। अपने यहां बिक्री घटने के बाद अब रूस भारत की ओर उम्मीद की नजर से देख रहा है। रूस 35 डॉलर प्रति बैरल के रेट से उच्च ग्रेड का कच्चा तेल भारत को बेचने को तैयार है। ब्लूमबर्ग ने सूत्रों के हवाले से लिखा है कि रूस ने अपने मैसेजिंग सिस्टम एसपीएफएस का उपयोग करके रुपये-रूबल में भुगतान की पेशकश की है। इस कारण भी भारत के लिए यह ऑफर और आकर्षक होता है, क्योंकि मॉस्को को स्विफ्ट से प्रतिबंधित कर दिया गया है। भारत सरकार यदि रूस का यह ऑफर स्वीकार करती है तो भारत में सस्ते पेट्रोल और डीजल की राह खुल जाएगी। भारत के लिए तेल एक प्रमुख चिंता है, क्योंकि हम अपनी जरूरतों का लगभग 85 प्रतिशत आयात करते हैं।



